जमुई के सिकंदरा में EOU और STF ने बेनामी संपत्ति मामले में जिला परिषद अध्यक्ष के पति गुड्डू यादव और उनके दर्जनों सहयोगियों के ठिकानों पर 50 गाड़ियों के काफिले के साथ भीषण छापेमारी की। पढ़ें पूरी विस्तृत रिपोर्ट।
कंचन क्रांति ब्यूरो, जमुई/सिकंदरा।
मंगलवार की अलसुबह सिकंदरा क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी और हड़कंप का माहौल बन गया, जब बिहार आर्थिक अपराध इकाई (EOU) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल के साथ एक बड़ा सर्जिकल ऑपरेशन शुरू किया। गुप्त रूप से लगभग 50 गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ पहुंची जांच एजेंसियों ने जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी के पति सह बाहुबली नेता गुड्डू यादव, ललन यादव और उनके करीबियों के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और कथित बेनामी संपत्ति से जुड़े मामले में की जा रही है। गुड्डू यादव लंबे समय से आर्थिक अपराध इकाई की रडार पर थे।
इन करीबियों के ठिकानों पर पहुंची टीम

मंगलवार सुबह-सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई के तहत जांच एजेंसियों की अलग-अलग टीमों ने सिकंदरा और आसपास के इलाकों में स्थित प्रमुख सहयोगियों के परिसरों को चारों तरफ से घेर लिया।
जिन प्रमुख ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, उनमें शामिल हैं: प्रवीण मिश्रा, मिंचु मियां एवं उप प्रमुख नैयर खान के आवास व ठिकाने, सोनू यादव के ठिकाने, पचमहुआ निवासी प्रमोद यादव एवं अनीश यादव. खेवसर गांव निवासी छोटू यादव और गुड्डू यादव व उनके सहयोगियों से जुड़े पेट्रोल पंप एवं अन्य व्यावसायिक परिसर।
दस्तावेजों, निवेश और वित्तीय लेन-देन की गहन पड़ताल
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने सभी परिसरों के मुख्य दरवाजों को बंद कर संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक पासबुक, निवेश के कागजात, जमीन के केवाले और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन जांच शुरू कर दी है। EOU के अधिकारी हर एक बिंदु और वित्तीय लेन-देन की बारीकी से पड़ताल कर रहे हैं।
हालांकि, इस पूरी कार्रवाई को लेकर EOU या STF के किसी शीर्ष अधिकारी द्वारा खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही बरामदगी और जब्ती का पूरा ब्योरा साझा किया जाएगा।

पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
इतने बड़े पैमाने पर हुई कार्रवाई के मद्देनजर सिकंदरा और आसपास के पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जमुई पुलिस के एसडीपीओ सतीश सुमन के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल और अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
सिकंदरा के प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य सड़कों, और संदिग्धों के आवासों व पेट्रोल पंपों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति या विरोध प्रदर्शन से निपटा जा सके। EOU की इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद से पूरे जमुई जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में दिनभर हलचल और चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
………………………………………………………………………
Guddu Yadav EOU Raid Jamui, Sikandra STF Raid, Jamui News, Jamui Zila Parishad Chairman Dulari Devi, EOU Raid in Jamui, Benami Property Guddu Yadav, Sikandra News Today, Kanchan Kranti Bureau Jamui.
