बिहार में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को CM डैशबोर्ड से मॉनिटरिंग और पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाने का निर्देश दिया।

 

 कंचन क्रांति न्यूज, पटना।

बिहार में गहराते बाढ़ के संकट के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गंगा और उसकी सहायक नदियों के जलस्तर, दियारा क्षेत्रों तथा निचले इलाकों में बने हालात की समीक्षा की। हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर स्पष्ट हिदायत दी कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

'संकल्प' में हाईलेवल मीटिंग, DM-SP को जिले में बने रहने का हुक्म

हवाई सर्वे के बाद मुख्यमंत्री ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आपदा प्रबंधन और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बाढ़ प्रभावित जिलों के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) अपने-अपने जिलों में ही मौजूद रहकर स्थिति पर सीधी नजर रखें। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों की तुरंत सूची तैयार कर उन्हें बिना किसी देरी के सहायता राशि और राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

बक्सर से भागलपुर तक तटबंधों पर 24 घंटे नजर, 36 टीमें तैनात

गंगा नदी के किनारे बसे इलाकों की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने बक्सर से भागलपुर तक के तटबंधों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है। कटाव या दरार की आशंका को देखते हुए जल संसाधन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। राहत-बचाव कार्यों के लिए राज्य में SDRF की 27 और NDRF की 9 टीमों को तैनात किया गया है, जो प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटी हैं। प्रभावितों के लिए सामुदायिक रसोई और राहत शिविरों का संचालन निर्बाध रूप से जारी रखने का आदेश दिया गया है।

 

CM डैशबोर्ड से जुड़ेगा कमांड सेंटर, रियल टाइम होगी मॉनिटरिंग

बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने के लिए मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन के कमांड सेंटर को सीधे 'CM डैशबोर्ड' से लिंक करने का निर्देश दिया है। इससे मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के स्तर से जमीनी स्तर की प्रशासनिक कार्रवाई की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी। मौसम केंद्र के अनुसार, आने वाले सप्ताह में भारी बारिश की संभावना नहीं है और प्रयागराज में गंगा का जलस्तर घटने से बिहार में भी जल्द ही राहत मिलने के आसार हैं।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822