सासाराम के कोचस स्थित भगीरथा गांव में जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण के रूप में सज रहे 5 वर्षीय आर्यन की गले की मोती निगलने से मौत हो गई। मोती सांस की नली में फंसने के कारण इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
कोचस (सासाराम)। कोचस प्रखंड अंतर्गत भगीरथा गांव में शुक्रवार को जन्माष्टमी का उत्साह पलभर में मातम में बदल गया। भगवान श्रीकृष्ण के वेश में सजाए जा रहे 5 वर्षीय मासूम आर्यन कुमार की मोतियों की माला की गोटी निगलने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बालक भगीरथा गांव निवासी विमलेश यादव का पुत्र था। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।
परिजनों की नजर बचाकर मुंह में डाली माला की गोटी
जानकारी के अनुसार, जन्माष्टमी पर्व को लेकर घर में उत्सव का माहौल था। आर्यन को बड़े ही चाव से भगवान श्रीकृष्ण के रूप में सजाया-संवारा जा रहा था। इसी दौरान परिजनों की नजर बचाकर मासूम ने गले में पहनी माला की एक मोती मुंह में डालकर निगल ली। कुछ ही देर में मोती बच्चे की सांस की नली में जा फंसी, जिससे उसे सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
बालक की हालत बिगड़ती देख घबराए परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कोचस लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने तुरंत उपक्रम कर सांस की नली में फंसे मोती को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उपचार के दौरान मासूम का दम घुटने से मौत हो गई। ड्यूटी पर तैनात डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि मोती सांस की नली में पूरी तरह फंस गया था, जिससे ऑक्सीजन का प्रवाह रुक गया और एस्फिक्सिया (दम घुटने) के कारण बच्चे की जान चली गई।
गांव में पसरा मातम, सावधानी बरतने की अपील
मासूम आर्यन की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि एक छोटी सी असावधानी ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। ग्रामीणों ने अपील की है कि छोटे बच्चों को त्योहारों या अन्य अवसरों पर सजाते समय माला, बटन, या छोटे आभूषणों से दूर रखें और विशेष सावधानी बरतें ताकि ऐसी दुर्घटना दोबारा न हो।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822