ब्रेकिंग न्यूज - दुमका के सरैयाहाट में एक सनकी पिता ने घरेलू विवाद में अपनी 15 वर्षीय बेटी को कुएं में फेंककर मार डाला। बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग चाचा की भी पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


कंचन क्रांति ब्यूरो, दुमका।

झारखंड के दुमका जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बेलूडीह गांव में एक सनकी पिता ने घरेलू विवाद में हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने पहले अपनी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी की बेरहमी से पिटाई की और फिर उसे घर के कुएं में फेंक दिया, जिससे मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

इतना ही नहीं, जब परिवार और रिश्तेदार बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपी ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में आरोपी के बुजुर्ग चचेरे चाचा की भी मौत हो गई है, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है।


बीच-बचाव करने गए चाचा की भी ली जान

ग्रामीणों के मुताबिक, जब सनकी पिता अपनी बेटी के साथ मारपीट कर रहा था, तब शोर सुनकर आरोपी के 60 वर्षीय चचेरे चाचा सरजू मंडल वहां पहुंचे। उन्होंने आरोपी को समझाने और शांत करने का प्रयास किया। लेकिन गुस्से में पागल आरोपी ने अपने चाचा पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पिटाई से वृद्ध सरजू मंडल लहूलुहान होकर अधमरे हो गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए देवघर ले गए, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि उन्होंने भी रास्ते में ही दम तोड़ दिया।


एक महिला भी गंभीर रूप से घायल

इस खूनी संघर्ष के दौरान बीच-बचाव करने आई एक 35 वर्षीय महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई है। घायल महिला को तुरंत सरैयाहाट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।


आरोपी पिता गिरफ्तार, गांव में पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही रविवार सुबह सरैयाहाट थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे बेलूडीह गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीणों में आरोपी के खिलाफ भारी आक्रोश है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने गांव में मोर्चा संभाल लिया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

............................................................................................................................

Keywords: दुमका क्राइम न्यूज, सरैयाहाट हत्या, कंचन क्रांति दुमका, घरेलू विवाद में हत्या, Dumka Crime News, Saraiyahat Double Murder