जमुई के शैक्षणिक इतिहास में बड़ा बदलाव! मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लक्ष्मीपुर, सोनो, खैरा और अलीगंज में 4 नए डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन किया। नक्सलवाद से मुक्त होकर अब विकास और उच्च शिक्षा की ओर बढ़ा जमुई। पूरी रिपोर्ट कंचन क्रांति पर पढ़ें।
कंचन क्रांति ब्यूरो, जमुई
कभी नक्सलवाद का दंश झेलने वाले जमुई के जख्मों पर शिक्षा का मरहम; लक्ष्मीपुर, सोनो, खैरा और अलीगंज की बेटियों को अब घर के पास मिलेगी उच्च शिक्षा।
जमुई के इतिहास में दर्ज हुआ एक स्वर्णिम अध्याय
जमुई जिले के सामाजिक और शैक्षणिक विकास के इतिहास में आज का दिन 'युगांतरकारी' साबित होने जा रहा है। भागलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह से बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के नव स्थापित 211 प्रखंडों के डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन की गतिविधियों का विधिवत शुभारंभ किया।
इस महा-उद्घाटन के तहत जमुई जिले के चार प्रमुख प्रखंडों—लक्ष्मीपुर, सोनो, खैरा एवं इस्लामनगर अलीगंज में नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों के द्वार आज से छात्र-छात्राओं के लिए खुल गए हैं।
शिक्षा ही पीढ़ियों के व्यवहार को बदलने का अस्त्र
राजकीय डिग्री महाविद्यालय खैरा से ऑनलाइन माध्यम से जुड़े जमुई के जिला पदाधिकारी (डीएम) ने इसे जिले के लिए एक भावुक और ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा: शिक्षा वह अचूक अस्त्र है जो न केवल व्यक्ति के व्यक्तित्व को निखारता है, बल्कि पीढ़ियों के व्यवहार और सोच में गुणात्मक परिवर्तन लाता है। आर्थिक संपन्नता जहाँ केवल भौतिक समृद्धि लाती है, वहीं शिक्षा हमारी बौद्धिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक चेतना का विस्तार करती है।नए डिग्री कॉलेज, घर के पास उच्च शिक्षा और चौमुखी विकास।
डीएम ने जमुई के अतीत की चर्चा करते हुए कहा कि यह जिला लंबे समय तक नक्सलवाद के कारण दोहरी मार झेलता रहा। लेकिन अब समय बदल चुका है। जमुई अब पूरी तरह नक्सलवाद के साए से मुक्त हो चुका है और अब कड़वी यादों को भूलकर सिर्फ और सिर्फ विकास की बातें करने का समय है।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी कदम
इस ऐतिहासिक मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि यह कदम जिले में महिला शिक्षा और सुरक्षा के लिहाज से मील का पत्थर साबित होगा।
· नहीं छूटेगी पढ़ाई: अब तक संसाधनों की कमी और कॉलेजों की अत्यधिक दूरी के कारण जिन बेटियों को इंटर के बाद पढ़ाई छोड़नी पड़ती थी, वे अब अपने ही प्रखंड में पूरे मान-सम्मान और सुरक्षा के साथ डिग्री हासिल कर सकेंगी।
· क्वालिटी एजुकेशन: शिक्षा विभाग ने इन नव स्थापित कॉलेजों में बेहतरीन शैक्षणिक गुणवत्ता और सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का संकल्प जताया है।
·
लछुआड़ और गिद्धेश्वर धाम का भी होगा कायाकल्प
जिला पदाधिकारी ने जमुई के सांस्कृतिक और पर्यटन विकास को लेकर अपनी प्रशासनिक प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन लछुआड़ और गिद्धेश्वर धाम सहित जिले के तमाम महत्वपूर्ण ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों के कायाकल्प के लिए एक बड़े रोड मैप पर काम कर रहा है। इसके साथ ही सुदूरवर्ती क्षेत्र चोरमारा और गुरमाहा के सर्वांगीण विकास के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
युवाओं से अपील: पारंपरिक शिक्षा में भी हैं करियर के असीम अवसर
डीएम ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि मेडिकल और इंजीनियरिंग की होड़ से आगे बढ़कर पारंपरिक उच्च शिक्षा में भी करियर के बेहतरीन अवसर मौजूद हैं। यह कॉलेज स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राजकिशोर सिंह ने क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए किए गए लंबे संघर्षों को याद किया और इस सौगात के लिए बिहार सरकार व जिला प्रशासन का सहृदय आभार व्यक्त किया।
...................................................................................................................................
जमुई नए डिग्री कॉलेज, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जमुई, जमुई में शिक्षा का विकास, Jamui New Degree Colleges, CM Samrat Choudhary Jamui
