मुजफ्फरनगर के मीरापुर में बच्चों के खेल के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ कुर्बानी सिखाने के नाम पर एक बच्चे ने अपने दोस्त का कान चाकू से काट दिया। जानिए क्या है पूरा मामला।
कंचन क्रांति ब्यूरो, मेरठ।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक ऐसी हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने बच्चों के बीच बढ़ रही हिंसक प्रवृत्ति पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ मीरापुर थाना क्षेत्र के कैथोड़ा गांव में बच्चों के खेल-खेल में एक खौफनाक वारदात हो गई। 'कुर्बानी' कैसे दी जाती है, यह सिखाने के नाम पर एक 11 साल के बच्चे पर उसके ही हमउम्र साथी ने मीट काटने वाले धारदार चाकू से हमला कर उसका कान काट दिया। लहूलुहान हालत में बच्चे के घर पहुँचने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
मुझे पता है कैसे होती है कुर्बानी... और चल गया चाकू
जानकारी के मुताबिक, कैथोड़ा गांव के रहने वाले मुजम्मिल का 11 वर्षीय बेटा अजीम बुधवार शाम को अपने घर के बाहर पड़ोस में रहने वाले अनीस के बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते बच्चों के बीच अचानक बकरीद और कुर्बानी का जिक्र छिड़ गया। इसी दौरान पड़ोसी बालक ने कहा, मुझे पता है कि कुर्बानी कैसे होती है, रुको मैं तुम्हें सिखाता हूँ।
इतना कहते ही वह दौड़कर अपने घर के भीतर गया और वहां रखा मीट काटने वाला बड़ा चाकू उठा लाया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, खेल-खेल में ही उसने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अजीम के कान पर चाकू चला दिया।
थाने पहुंचे परिजन, अस्पताल में भर्ती
चाकू लगते ही अजीम का कान बुरी तरह कट गया और वह खून से लथपथ हो गया। चीखता-चिल्लाता और दर्द से कराहता हुआ मासूम जब अपने घर पहुंचा, तो उसके कान से बहता खून देख माता-पिता के होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजन घायल बच्चे को लेकर सीधे मीरापुर थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत घायल अजीम को इलाज के लिए जानसठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भिजवाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार शुरू किया।
पुलिस का क्या है कहना?
इस पूरे मामले पर मीरापुर के थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव शर्मा ने बताया कि घायल बच्चे को तत्काल चिकित्सीय सहायता के लिए अस्पताल भेज दिया गया था, जहां उसकी हालत अब स्थिर है। पुलिस के मुताबिक, घटना बच्चों के बीच खेल-खेल में हुई है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों की तरफ से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है, जैसे ही तहरीर मिलती है, नियमों के मुताबिक आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
...............................................................................................................................
Muzaffarnagar News, Meerapur Police Station, Child Ear Cut Knife, Kaithoda Village Muzaffarnagar, Crime News UP, कंचन क्रांति न्यूज़, मुजफ्फरनगर समाचार, खेल में चाकूबाजी, मेरठ ब्यूरो।
