बिहार में एनडीए सरकार के पिछले दो दशकों में बिजली क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार हुआ है। प्रति व्यक्ति बिजली खपत 75 यूनिट से बढ़कर 401 यूनिट पहुँची और उपभोक्ताओं की संख्या 2.22 करोड़ पार। पढ़ें पूरी रिपोर्ट कंचन क्रांति पर।


कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना।

बिहार में पिछले दो दशकों के दौरान बिजली के क्षेत्र में अभूतपूर्व और ऐतिहासिक क्रांति आई है। कभी 'लालटेन युग' और भारी बिजली संकट के लिए जाना जाने वाला यह राज्य अब निर्बाध बिजली आपूर्ति के मामले में देश के अग्रणी राज्यों को टक्कर दे रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के तहत राज्य ने ऊर्जा क्षेत्र में कई नए रिकॉर्ड स्थापित किए हैं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 21 वर्षों में बिहार में प्रति व्यक्ति बिजली की खपत में सवा पांच गुना से अधिक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

वर्ष 2005 में जहां प्रति व्यक्ति सालाना बिजली की खपत महज 75 यूनिट थी, वहीं वर्ष 2026 में यह रिकॉर्ड स्तर पर बढ़कर 401 यूनिट तक पहुँच गई है। यह उछाल राज्य में बेहतर होते जीवन स्तर, व्यापक औद्योगीकरण और आर्थिक समृद्धि का सीधा परिचायक है।

गाँवों को 23 घंटे और शहरों को मिल रही 24 घंटे बिजली

साल 2005 में जहाँ शहरी क्षेत्रों में औसतन 10 से 12 घंटे और ग्रामीण इलाकों में महज 5 से 6 घंटे ही बिजली दर्शन देती थी, वहीं आज परिदृश्य पूरी तरह बदल चुका है। वर्तमान में बिहार के शहरों में औसतन 23 से 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 22 से 23 घंटे निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।


जुलाई 2026 में टूटा बिजली आपूर्ति का ऑल-टाइम रिकॉर्ड

भीषण गर्मी के बीच इसी महीने 4 जुलाई 2026 को बिहार ने अपने इतिहास की सबसे बड़ी 9,426 मेगावाट बिजली की रिकॉर्ड आपूर्ति (Power Drawal) दर्ज की, जो 2005 की तुलना में 13 गुना से भी अधिक है। वहीं, राजधानी पटना ने भी 5 जुलाई 2026 को 961 मेगावाट बिजली की रिकॉर्ड मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया।


90 लाख घरों में लगे स्मार्ट प्रीपेड मीटर, 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली

बिहार में उपभोक्ताओं की संख्या 17.3 लाख से बढ़कर 2.22 करोड़ हो चुकी है, जिनमें से लगभग 90 लाख घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आधुनिक स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त, मजबूत पावर ग्रिड और पर्याप्त बिजली उपलब्धता के दम पर सरकार राज्य के 1.86 करोड़ घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ दे रही है।


मजबूत हुआ ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क

उपभोक्ताओं के घरों तक सीधे बिजली पहुंचाने वाले डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मरों (DT) की संख्या 10.6 गुना बढ़कर 3,80,185 हो गई है। इसके साथ ही राज्य का ट्रांसमिशन लाइन नेटवर्क अब 21 हजार 822 सर्किट किलोमीटर तक विस्तृत हो चुका है। उत्तर और दक्षिण बिहार दोनों पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों ने भीषण गर्मी और पीक लोड की संभावनाओं को देखते हुए अपने वितरण नेटवर्क को पहले से ही बेहद चाक-चौबंद कर रखा था, जिससे इस बार ट्रिपिंग की समस्या न के बराबर रही।

...................................................................................................................

Keywords : बिहार बिजली आपूर्ति रिकॉर्ड, बिहार में बिजली की खपत, नीतीश कुमार सम्राट चौधरी बिजली योजना, बिहार स्मार्ट प्रीपेड मीटर, बिहार न्यूज़, कंचन क्रांति, Bihar Power Consumption Record, Bihar Electricity Grid, Smart Prepaid Meter Bihar, Kanchankranti News