बिहार के चैनपुर थाना क्षेत्र में दो युवकों का हथियार लहराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चैनपुर पुलिस वीडियो की जांच और युवकों की पहचान करने में जुट गई है। पूरी खबर कंचनक्रांति पर पढ़ें।
कंचनक्रांति ब्यूरो, पटना। सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो के जरिए धौंस जमाने का खुमार युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। ताजा मामला कैमूर के चैनपुर थाना क्षेत्र का है, जहां दो युवकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दोनों युवक एक खड़ी बाइक पर बैठे हैं, जिनमें से एक के हाथ में पीतल की गोली और दूसरे की कमर में कट्टा (अवैध हथियार) साफ नजर आ रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि वीडियो के साथ ही दोनों लड़कों के नाम, उनके पिता का नाम और उनके गांव का पता भी सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। चैनपुर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर दोनों युवकों की तलाश कर रही है ताकि उनकी पहचान पुख्ता की जा सके।
इस मामले में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी पुलिस को मिली है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वीडियो में दिख रहे दोनों लड़कों की पहचान कराई जा रही है। उन्हें जल्द ही थाने लाकर पूछताछ की जाएगी और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष ने साफ तौर पर कहा कि इस तरह का गैरकानूनी कृत्य करने का अधिकार किसी को भी नहीं है।
....................................................................................................................................
Keywords : चैनपुर पुलिस, वायरल वीडियो, कमर में कट्टा, हाथ में गोली, चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद, कैमूर न्यूज, बिहार क्राइम समाचार, weapon video viral chainpur, kaimur police
