हैदराबाद पुलिस ने कूरियर और स्पीड पोस्ट के जरिए 21 राज्यों में गांजा सप्लाई करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। झारखंड के गिरिडीह का रहने वाला सत्यम मिश्रा इस गिरोह का मास्टरमाइंड है। पढ़ें पूरी खबर।


कंचनक्रांति डेस्क, देवघर।

कूरियर और सरकारी स्पीड पोस्ट का इस्तेमाल कर देशभर में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। हैदराबाद नारकोटिक्स एनफोर्समेंट विंग (HNEW) ने इस नेटवर्क को बेनकाब करते हुए बताया कि इस रैकेट के तार झारखंड से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने गिरोह के मुख्य मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है।


झारखंड के गिरिडीह से चल रहा था ड्रग्स नेटवर्क

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस पूरे रैकेट का मुख्य मास्टरमाइंड झारखंड के गिरिडीह का रहने वाला सत्यम मिश्रा है। पुलिस ने जब उसे दबोचा, तो तस्करी के इस अनोखे और चौंकाने वाले तरीके का खुलासा हुआ।

इस गिरोह का पर्दाफाश तब हुआ जब हैदराबाद पुलिस की नारकोटिक्स विंग ने झारखंड के इसरी बाजार पोस्ट ऑफिस से हैदराबाद भेजे गए गांजे के एक पार्सल को जब्त किया। पार्सल रिसीव करने वाले व्यक्ति से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो कड़ियों से कड़ियां जुड़ती गईं और पूरी सप्लाई चेन सामने आ गई।


जल्दी अमीर बनने की चाहत ने बनाया अपराधी

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सत्यम मिश्रा ने तंगी के कारण अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी। कम समय में ज्यादा पैसा कमाने की चाहत में उसने अपने बड़े भाई शुभम मिश्रा के साथ मिलकर अवैध गांजे का धंधा शुरू किया।

धीरे-धीरे उन्होंने अपने साथ सचिन मिश्रा, राहुल झा और संतोष पंडित जैसे अन्य लोगों को जोड़ा और बेहद शातिर तरीके से एक संगठित क्रिमिनल नेटवर्क तैयार कर लिया।



देश के 21 राज्यों में फैला था गांजे का जाल

यह गिरोह सिर्फ झारखंड तक ही सीमित नहीं था, बल्कि इसका नेटवर्क देश के 21 राज्यों में फैल चुका था। गिरोह के सदस्य अपने पैतृक गांव में गांजे की खेती करते थे और झारखंड के कुछ अन्य गुप्त ठिकानों से भी इसे इकट्ठा करते थे।

इसके बाद, सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचने के लिए वे स्पीड पोस्ट और नामचीन कूरियर सेवाओं का सहारा लेते थे। इस तरीके से वे हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और बेंगलुरु जैसे देश के बड़े महानगरों में बैठे अपने ग्राहकों तक गांजे की सुरक्षित डिलीवरी पहुंचा रहे थे।

..................................................................................................................................

Keywords - Ganja Smuggling via Speed Post, Hyderabad Narcotics Enforcement Wing, Jharkhand Drug Racket, Satyam Mishra Giridih, Isri Bazar Post Office, कंचनक्रांति क्राइम, गांजा तस्करी, हैदराबाद पुलिस, गिरिडीह न्यूज़।