राजकीय श्रावणी मेला 2026 को लेकर देवघर प्रशासन ने किया बेहतर मोबाइल नेटवर्क का दावा। जानिए क्या हर साल की तरह इस बार भी 'नो नेटवर्क' से परेशान होंगे कांवरिया या कंपनियों का प्लान करेगा काम।
तरुण कुमार कंचन, देवघर।
राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान हर साल की तरह इस बार भी प्रशासन ने मेला क्षेत्र में बेहतर मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी देने का दावा किया है। सोमवार को समाहरणालय कक्ष में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में टेलीकॉम कंपनियों (जियो, एयरटेल, बीएसएनएल, वोडाफोन) के साथ एक हाई-लेवल मीटिंग हुई। बैठक में उपायुक्त ने सख्त लहजे में कंपनियों को निर्देश दिया कि मेले से पहले बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करें और भीड़ वाले इलाकों में अस्थायी मोबाइल टावर लगाएं ताकि अत्यधिक दबाव में भी नेटवर्क क्रैश न हो।
लेकिन प्रशासन और टेलीकॉम कंपनियों के इन दावों के बीच जमीनी हकीकत हमेशा जुदा रही है। पिछले सालों का अनुभव देखें तो देवघर, बाबाधाम परिसर और मुख्य कांवरिया पथ पर पैर रखने की जगह नहीं होती, तब मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह ठप हो जाता है। लाखों की भीड़ के कारण न तो कॉल लग पाती है और ना ही इंटरनेट चलता है। ऐसे में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु अपने परिजनों से बिछड़ जाते हैं और डिजिटल पेमेंट (UPI) फेल होने के कारण दुकानदारों और कांवरियों के बीच विवाद की स्थिति बन जाती है। सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल (BSNL) का नेटवर्क तो सालों से मेले में वेंटिलेटर पर ही नजर आता है।
प्रशासन का कहना है कि इस बार बैंडविड्थ क्षमता बढ़ाई जा रही है और काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या निजी और सरकारी कंपनियां इस बार वाकई अपने सिस्टम को मजबूत कर पाती हैं या हर साल की तरह इस बार भी करोड़ों श्रद्धालुओं को 'कॉल ड्रॉप' और 'नो सिग्नल' से ही संतोष करना पड़ेगा। बैठक में डीपीओ मुकेश कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी समेत विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
.....................…............
Deoghar Shravani Mela 2026 Mobile Network, Deoghar DC Meeting Telecom Companies, Shravani Mela Connectivity Issues, Deoghar News Today, बाबाधाम श्रावणी मेला नेटवर्क समस्या, Saurabh Kumar Bhuwania DC Deoghar, कांवरिया पथ इंटरनेट स्पीड
