आगरा के रामपुर गांव में दलित की बारात निकालने पर भारी बवाल। गमी के कारण बदला था रास्ता, दबंगों ने किया विरोध। 6 थानों की पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर संगीनों के साए में निकलवाई बारात। पढ़ें कंचनक्रांति की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट।


कंचनक्रांति ब्यूरो, आगरा।

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक बार फिर सामाजिक भेदभाव और दबंगई की हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है। थाना निबोहरा के रामपुर गांव में सोमवार देर शाम एक दलित परिवार की बारात निकलने को लेकर ऐसा बवाल खड़ा हुआ कि पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। बारात को रोकने के लिए कुछ असामाजिक तत्व अड़ गए, जिससे गांव में भारी तनाव फैल गया। आखिरकार पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों को दखल देना पड़ा और 6 थानों की भारी फोर्स की मौजूदगी में 'संगीनों के साए' में बारात की चढ़ाई पूरी हो सकी।


क्या है पूरा विवाद? गमी के कारण बदला था रास्ता

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर निवासी गुरचरण सिंह वाल्मीकि की पुत्री जसोदा की बारात सहता (बिचपुरी) से आई थी। सोमवार देर शाम करीब 7 बजे जब धूमधाम से बारात चढ़ने की तैयारी हो रही थी, तभी रास्ते को लेकर विवाद शुरू हो गया।

दलित पक्ष का कहना था कि परंपरागत मार्ग पर गांव में किसी की 'गमी' (मृत्यु) हो गई थी, जिसके कारण मानवीय संवेदनाओं का ध्यान रखते हुए बारात को नए मार्ग से निकालने का फैसला किया गया था। लेकिन गांव के कुछ दबंग मानसिकता के लोगों को यह रास नहीं आया। उन्होंने नए मार्ग से बारात ले जाने का कड़ा विरोध शुरू कर दिया और रास्ते में आकर खड़े हो गए।


भारी फोर्स ने संभाला मोर्चा

विवाद बढ़ता देख दुल्हन पक्ष ने तुरंत पुलिस को इस उत्पीड़न की सूचना दी। दलित की बारात रोके जाने की खबर मिलते ही पुलिस-प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत निबोहरा थाना, मन्सुखपुरा, फतेहाबाद, शमसाबाद और  इरादनगर थाना सहित कुल 6 थानों की पुलिस और भारी पीएसी बल को मौके पर तैनात किया गया।


पुलिस की देखरेख में हुईं रस्में

भारी पुलिस बल के गांव में पहुंचते ही बारात रोकने वाले बैकफुट पर आ गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर कानून का पाठ पढ़ाया और सख्त चेतावनी दी। इसके बाद पुलिस की कड़ी सुरक्षा घेरे में दूल्हे की बारात शान से आगे बढ़ी। हालांकि, गांव में अभी भी एहतियातन तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

...................................................................................................................................................................

Keywords - Agra Dalit Barat Controversy, आगरा दलित बारात विवाद, रामपुर निबोहरा बारात हंगामा, आगरा पुलिस छावनी बारात, UP Crime and Social News, कंचनक्रांति ब्यूरो आगरा।