लोन और लॉटरी का झांसा देकर बनाते थे शिकार, मैट्रिक भी पास नहीं लेकिन ठगी में थे 'माहिर'


बिहार के नालंदा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई। बगीचे में बैठकर देशभर के लोगों को लोन और लॉटरी का झांसा देकर ठगने वाले गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल। 10 मोबाइल बरामद।


कंचनक्रांति ब्यूरो, पटना।

बिहार के नालंदा जिले की कतरीसराय थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने बरीठ गांव स्थित मुंशी नदी के दक्षिण दिशा में स्थित एक बगीचे में छापेमारी कर संगठित रूप से साइबर ठगी का खेल खेल रहे छह शातिर अपराधियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार किए गए आरोपितों में दो विधि-विरुद्ध बालक (नाबालिग) भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में संदिग्ध सामान बरामद किया है।

गुप्त सूचना पर राजगीर डीएसपी के नेतृत्व में एक्शन

मामले की जानकारी देते हुए राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक (एसपी) के निर्देश पर उनके नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कतरीसराय थाना क्षेत्र के एक बगीचे में कुछ अपराधी बैठकर ऑनलाइन ठगी का नेटवर्क चला रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर मौके से छह लोगों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से 10 स्मार्ट मोबाइल फोन और लोन से संबंधित विवरण दर्ज तीन पन्नों की ऑर्डर शीट बरामद की गई है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के लोगों के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज हैं।

कम पढ़े-लिखे, लेकिन ठगी के 'प्रोफेशनल'

पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपित मैट्रिक (10वीं) तक भी नहीं पढ़े हैं, लेकिन डिजिटल ठगी के तरीकों में बेहद शातिर हैं। ये लोग सोशल मीडिया, फर्जी मोबाइल कॉल और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से सीधे-सादे लोगों को बेहद कम ब्याज पर लोन दिलाने या भारी-भरकम लॉटरी लगने का झांसा देते थे। जैसे ही कोई इनके जाल में फंसता, ये विभिन्न शुल्कों के नाम पर अपने खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लेते थे।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए बालिग अपराधियों में शामिल हैं: जितेन्द्र कुमार (निवासी: बरीठ), राहुल पासवान (निवासी: बरीठ), गौरी कुमार (निवासी: बारांदी) और सचिन कुमार (निवासी: बालचंद बिगहा)।

इसके अलावा कतरीसराय थाना क्षेत्र के ही दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में लिया है। पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क, बैंक खातों और इनसे जुड़े अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

छापेमारी टीम में ये रहे शामिल

इस सफल डकैती और साइबर नेटवर्क को ध्वस्त करने वाली टीम में कतरीसराय थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार कुशवाहा, दारोगा आदित्य कुमार, जमादार धर्मेंद्र कुमार, संजय दास, मुकेश कुमार, रूदल पासवान के साथ जिला पुलिस के कई जवान मुख्य रूप से शामिल थे।

............................................................


कीवर्ड्स - नालंदा साइबर ठग गिरफ्तार, कतरीसराय पुलिस कार्रवाई, बिहार साइबर क्राइम, लोन लॉटरी ठगी, राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता, Nalanda Cyber Criminals Arrested, Katrisarai Cyber Crime Bihar.