स्वतंत्रता दिवस पर पटना के गांधी मैदान में मां मुंडेश्वरी धाम, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व और भीमबांध की भव्य झांकी दिखेगी। 'ज्ञान भारतम्' थीम भी होगी खास।

  • स्वतंत्रता दिवस समारोह में इको टूरिज्म की थीम पर पर्यावरण एवं वन विभाग की प्रस्तुति
  • भीमबांध के साल वन, गर्म जलस्रोत और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की छटा भी होगी आकर्षण का केंद्र

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना।

स्वतंत्रता दिवस के राजकीय समारोह में इस बार पटना का गांधी मैदान देशभक्ति के रंग के साथ बिहार की समृद्ध धार्मिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत से सराबोर दिखेगा। समारोह में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से कैमूर स्थित प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी धाम पर आधारित भव्य झांकी प्रस्तुत की जाएगी। इको टूरिज्म की थीम पर तैयार हो रही यह झांकी लोगों को राज्य की प्राकृतिक खूबसूरती और प्राचीन धरोहरों से रूबरू कराएगी।

विभाग ने झांकी निर्माण की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसमें कैमूर की पंवरा पहाड़ी पर लगभग 600 फीट की ऊंचाई पर स्थित ऐतिहासिक मुंडेश्वरी मंदिर को मुख्य रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।

धार्मिक आस्था के साथ दिखेगी प्राकृतिक संपदा

झांकी में मुंडेश्वरी धाम के अलावा मुंगेर के भीमबांध वन्यजीव अभ्यारण्य के घने साल वन और गर्म जलस्रोतों को दर्शाया जाएगा। इसके साथ ही वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों को प्रमुखता दी जाएगी, ताकि राज्य में इको टूरिज्म की संभावनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सके।

ज्ञान भारतम झांकी में दिखेगी भारतीय ज्ञान परंपरा

कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से ‘ज्ञान भारतम्’ थीम पर झांकी निकाली जाएगी। इसमें भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ी प्राचीन पांडुलिपियों के वैज्ञानिक सर्वेक्षण, डिजिटाइजेशन और अभिलेखीकरण की प्रक्रिया को आधुनिक तकनीक के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा।

................................................................................

स्वतंत्रता दिवस 2026, गांधी मैदान पटना, मां मुंडेश्वरी धाम झांकी, इको टूरिज्म बिहार, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व, ज्ञान भारतम्, कंचन क्रांति न्यूज