श्रावणी मेला 2026 को लेकर डीसी की हाईलेवल बैठक, श्रद्धालुओं के सुगम जलार्पण के लिए खाका तैयार

देवघर बाबा मंदिर के गर्भगृह में मोबाइल ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध। डीसी सौरभ कुमार भुवानिया की बैठक में श्रावणी मेला 2026 और सालों भर बाह्य अर्घा लगाने के प्रस्ताव पर लगी मुहर।

कंचनक्रांति ब्यूरो, देवघर।

आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल आयोजन और बाबा बैद्यनाथ मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर जिला प्रशासन एक्शन मोड में है। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पदाधिकारियों और प्रबुद्ध जनों की मौजूदगी में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े कई ऐतिहासिक प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई।

गर्भगृह में मोबाइल बैन, सुरक्षा और गरिमा सर्वोपरि

बैठक का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला बाबा मंदिर के गर्भगृह को लेकर रहा। मंदिर की पवित्रता, गरिमा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब बाबा के गर्भगृह के भीतर श्रद्धालुओं द्वारा मोबाइल के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रांगण में सालों भर बाह्य अर्घा स्थापित करने के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई है।

आपसी समन्वय से होगा सुगम जलार्पण: उपायुक्त

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बाबा मंदिर आने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित जलार्पण कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर काम करें। बैठक के दौरान क्राउड मैनेजमेंट, शीघ्र दर्शनम व्यवस्था, वीआईपी पूजा प्रोटोकॉल, नए फुटओवर ब्रिज का निर्माण और क्लॉक रूम की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बाबा मंदिर की गरिमा के अनुरूप श्रद्धालुओं को बिना किसी असुविधा के जलार्पण कराना ही हमारा मुख्य उद्देश्य है। तीर्थ पुरोहितों के सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जा रहा है।

सौरभ कुमार भुवानिया, उपायुक्त, देवघर

पंडा धर्मरक्षिणी सभा ने सौंपे सुझाव

बैठक के दौरान पंडा धर्मरक्षिणी सभा के सदस्यों ने मंदिर प्रबंधन और श्रावणी मेले को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव उपायुक्त के समक्ष रखे, जिस पर डीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक के अंत में सभा की ओर से उपायुक्त को एक ज्ञापन भी सौंपा गया।

बैठक में ये रहे उपस्थित

इस महत्वपूर्ण बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, बाबा मंदिर प्रभारी सह अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित आदरणीय सरदार पंडा, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष सुरेश भारद्वाज, महामंत्री निर्मल झा, सभा के मंत्री, उपाध्यक्ष, सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

..............................................................

Keywords - देवघर बाबा मंदिर बैठक, राजकीय श्रावणी मेला 2026, उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, बाबा मंदिर मोबाइल बैन, बाह्य अर्घा देवघर, Deoghar Baba Mandir Rule, Shravani Mela 2026.