नवादा के काशीचक में दिल दहला देने वाली वारदात। 7 साल के लापता मासूम आर्यन राज का शव तालाब किनारे मिला, आंखों से बह रहा था खून। फॉरेंसिक जांच शुरू, इलाके में मातम।

कंचन क्रांति ब्यूरो, नवादा।

एक हंसता-खेलता सात साल का मासूम, जिसके कदमों की आहट से घर गूंजता था, वो अब हमेशा के लिए खामोश हो चुका है। काशीचक थाना क्षेत्र के बौरी गांव में उस वक्त कोहराम मच गया, जब शनिवार दोपहर से लापता 7 वर्षीय आर्यन राज का बेजान शरीर गांव के पश्चिमी छोर पर स्थित कब्रिस्तान के पास, तालाब के किनारे मिट्टी में सना हुआ मिला। शनिवार दोपहर तीन बजे जो बच्चा खेलने निकला था, रात आठ बजे उसकी लाश देखकर मां-बाप के पैरों तले जमीन खिसक गई। बदहवास परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भागे, लेकिन डॉक्टरों के 'मृत' शब्द ने पिता कारु चौधरी और मां की दुनिया ही उजाड़ दी।

मासूम की आंखों से बहता खून बयां कर रहावानियत की दास्तां

यह सिर्फ एक मौत नहीं, बल्कि एक रूह कंपा देने वाली त्रासदी है। काशीचक थाना प्रभारी गौतम कुमार के नेतृत्व में जब पुलिस बल अस्पताल पहुंचा, तो वहां का मंजर देखकर हर आंख नम हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मासूम आर्यन की दोनों आंखों से खून बह रहा था, जो इस बात का इशारा है कि अपनी आखिरी सांसों से पहले उस मासूम ने कितनी असहनीय पीड़ा झेली होगी। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी, लेकिन इस खौफनाक मंजर ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

इंसाफ की गुहार: खोजी कुत्तों और फॉरेंसिक टीम के भरोसे जांच

मासूम आर्यन के साथ हुई इस बर्बरता के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और गम का माहौल है। रात में ही एफएसएल (FSL) की टीम को वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया, जिन्होंने अस्पताल पहुंचकर जरूरी नमूने लिए।

पूरा बौरी गांव इस समय सदमे में है। रोते-बिलखते परिजनों ने अभी थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी है, वे अपने लाल के चले जाने के गम में सुध-बुध खो बैठे हैं। वहीं, ग्रामीणों की मांग है कि पुलिस प्रशासन तुरंत खोजी कुत्तों (Dog Squad) को बुलाकर इस जघन्य हत्याकांड की जांच करे, ताकि उस दरिंदे का पता चल सके जिसने एक मां की गोद सूनी की है।

...............................

Keywords - Nawada child murder case, Kashichak Bauri village Aryan Raj, FSL team investigation Nawada, Bihar child death tragedy, नवादा बच्चा हत्याकांड, काशीचक बौरी गांव आर्यन राज, फॉरेंसिक जांच नवादा।