कोडरमा के जयनगर में आईलेक्स पब्लिक स्कूल की बस अनियंत्रित होकर खेत में फिसल गई। बस में सवार 10 बच्चे बाल-बाल बचे। ग्रामीणों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया


कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले अंतर्गत जयनगर थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव में सोमवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। आईलेक्स पब्लिक स्कूल (पावर हाउस, डंडाडीह) की एक बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी, तभी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में फिसल गई। दुर्घटना के समय बस में करीब 10 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी बच्चे या चालक को कोई चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।


स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, घटना सोमवार सुबह की है जब बस बच्चों को पिकअप करने उनके घर की ओर जा रही थी। बाराडीह गांव के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर पास के खेत में जा घुसी। ग्रामीणों का कहना था कि रूट पर आगे अन्य बच्चों को भी बस में सवार होना था, जिससे बस में बच्चों की संख्या और बढ़ने वाली थी।


बस के खेत में फिसलते ही अंदर मौजूद मासूम बच्चे डर के मारे रोने और चिल्लाने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। तत्परता दिखाते हुए ग्रामीणों ने बिना देर किए सभी बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित बस से बाहर निकाला।


घटना की सूचना मिलने के बाद बच्चों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अपने बच्चों को पूरी तरह सुरक्षित देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली। हादसे के बाद चालक और स्कूल प्रबंधन की सतर्कता व सुरक्षा मानकों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।