कुमारधुबी के छाताडंगाल निवासी ITBP जवान बबन कुमार शर्मा की हजारीबाग में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। रांची ड्यूटी पर लौटते वक्त यह हादसा हुआ। पुलिस बल ने राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी।
निरसा। कुमारधुबी क्षेत्र अंतर्गत पंचमोहली पंचायत के छाताडंगाल निवासी और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान बबन कुमार शर्मा (36 वर्ष) की सड़क दुर्घटना के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। वह रांची में पदस्थापित थे और एक दिन की छुट्टी बिताकर वापस अपनी ड्यूटी पर लौट रहे थे। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, जवान बबन कुमार शर्मा एक दिन की छुट्टी पर अपने घर छाताडंगाल आए हुए थे। रविवार, 10 अगस्त को वह अपनी बाइक से वापस रांची ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए निकले थे। इसी दौरान हजारीबाग के गोल के समीप उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की पूरी कोशिशों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और मंगलवार को इलाज के क्रम में उन्होंने अंतिम सांस ली।
जवान बबन कुमार शर्मा का पार्थिव शरीर उनके पैतृक निवास स्थान लाए जाने के बाद माहौल अत्यंत गमगीन हो गया। अंतिम यात्रा में स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों ने नियमानुसार गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) देकर उन्हें कुमारधुबी में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी।
