जैक नवंबर के अंत तक जारी करेगा परीक्षा कार्यक्रम, 12 नवंबर से भरे जाएंगे परीक्षा फॉर्म; 8वीं, 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं फरवरी के अंतिम सप्ताह में ओएमआर शीट पर होंगी

कंचन क्रांति न्यूज, रांची।

झारखंड में मैट्रिक और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी शुरू हो गई है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाएं फरवरी के पहले सप्ताह से शुरू कराने की तैयारी में है। संभावित कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षाएं 5 फरवरी 2027 से शुरू होकर फरवरी के तीसरे सप्ताह तक चल सकती हैं। परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम नवंबर के अंत तक जारी किए जाने की तैयारी है। वहीं, मैट्रिक और इंटरमीडिएट के तीनों संकायों विज्ञान, कला और वाणिज्य का परिणाम अप्रैल के अंत तक जारी करने का लक्ष्य रखा गया है।

जैक की ओर से जारी दिशा-निर्देश के अनुसार, मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होगी। विद्यार्थी 26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। इसके बाद 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन जमा करने का अवसर मिलेगा। परीक्षा कार्यक्रम को समय पर पूरा करने के लिए जैक ने आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। लक्ष्य है कि फरवरी में ही मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं संपन्न करा ली जाएं, ताकि मूल्यांकन और परिणाम प्रकाशन की प्रक्रिया निर्धारित समय पर पूरी हो सके।

7.50 लाख से अधिक परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना

वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में राज्यभर से 7.50 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है। अनुमान के मुताबिक, मैट्रिक परीक्षा में करीब 4.30 लाख परीक्षार्थी शामिल हो सकते हैं। वहीं, इंटरमीडिएट के विज्ञान, कला और वाणिज्य तीनों संकायों को मिलाकर लगभग 3.30 लाख विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। पिछले वर्षों में भी परीक्षार्थियों की संख्या इसी के आसपास रही है।

परीक्षा शुरू होने से पहले ही विद्यार्थियों को मिलेंगे फॉर्म

इस बार जैक ने परीक्षा आवेदन प्रक्रिया में त्रुटियों की आशंका कम करने के लिए पहले से तैयारी की है। परीक्षा फॉर्म भरने की आधिकारिक प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होनी है, लेकिन विद्यार्थियों को आवेदन फॉर्म इससे पहले ही उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इसके लिए जैक ने फॉर्म अपने पोर्टल पर अपलोड करने की व्यवस्था की है।

विद्यालयों और कॉलेजों के शिक्षक पोर्टल से फॉर्म डाउनलोड कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराएंगे। विद्यार्थी पहले से आवेदन फॉर्म भरकर संस्थान में जमा कर सकेंगे। इसके बाद निर्धारित तिथि पर संस्थान पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी करेंगे। जैक का उद्देश्य है कि अंतिम समय में होने वाली हड़बड़ी और आवेदन में नाम, पंजीयन संख्या सहित अन्य विवरणों से जुड़ी गलतियों को रोका जा सके। संस्थानों को भी निर्देश दिया गया है कि आवेदन सबमिट करने से पहले पंजीयन संख्या सहित सभी जानकारियों का सावधानीपूर्वक मिलान कर लें।

फरवरी के अंतिम सप्ताह में ओएमआर शीट पर होंगी 8वीं, 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं

मैट्रिक और इंटरमीडिएट के अलावा जैक फरवरी 2027 के अंतिम सप्ताह में आठवीं, नौवीं और 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं भी आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। इन परीक्षाओं में ओएमआर शीट का इस्तेमाल किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, नौवीं और 11वीं की परीक्षाएं मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर ही आयोजित की जाएंगी। इसके लिए जैक को अलग से परीक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी।

राज्य सरकार ने जैक को शैक्षणिक सत्र 2026-27 की आठवीं, नौवीं और 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं का परिणाम हर हाल में 31 मार्च 2027 से पहले प्रकाशित करने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के अगली कक्षा में प्रवेश और शैक्षणिक प्रगति की प्रक्रिया को समय पर पूरा करना है, ताकि नामांकन में देरी या पढ़ाई का नुकसान नहीं हो।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822