जमशेदपुर के विजया गार्डन में टाटा स्टील के पूर्व चीफ संदीप पाल ने 10वीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली। बेटी को मुंबई छोड़ने के बाद से वे तनाव में थे। पढ़ें पूरी खबर।

कंचन क्रांति न्यूज़, जमशेदपुर।

शहर के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित विजया गार्डन सोसाइटी में सोमवार तड़के टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी ने 10वीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान 62 वर्षीय संदीप पाल के रूप में हुई है, जो टाटा स्टील के मर्चेंट मिल में पूर्व चीफ के पद से सेवानिवृत्त थे और वर्तमान में एक निजी कंपनी में 65 लाख रुपये के सालाना पैकेज पर कार्यरत थे।

सुबह टहलने के बहाने निकले और उठा लिया आत्मघाती कदम जानकारी के अनुसार, विजया गार्डन फेज-7 के डुप्लेक्स में रहने वाले संदीप पाल सोमवार सुबह करीब 4 बजे टहलने के बहाने घर से निकले थे। वे पास ही की एक बहुमंजिला इमारत की 10वीं मंजिल पर पहुंचे और वहां से छलांग लगा दी। सुबह करीब 5 बजे हुई इस घटना में मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों को सूचित किया गया।

बेटी को अकेले मुंबई छोड़ने के बाद से थे तनाव में मृतक की पत्नी तापसी पाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 15 दिन पहले ही संदीप पाल अपनी बेटी आकांक्षा का बी.कॉम में दाखिला कराकर उसे मुंबई के कॉलेज में छोड़कर वापस जमशेदपुर लौटे थे। बेटी के अकेले रहने, नए शहर के माहौल और सुरक्षा को लेकर वे लगातार गहरी चिंता और डिप्रेशन में चल रहे थे। वे घर में भी बार-बार इसी बात का जिक्र करते थे और लगातार फोन पर बेटी से संपर्क में रहते थे।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बिरसानगर थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि पत्नी के बयान के आधार पर अप्राकृतिक मौत (यूडी केस) का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की विस्तृत जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।