जमशेदपुर में यातायात नियम तोड़ने वालों को अब चालान के साथ एक घंटे की डॉक्यूमेंट्री भी देखनी होगी। पुलिस नियमों के प्रति लोगों को जागरूक और संवेदनशील बनाने के लिए यह पहल कर रही है।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, जमशेदपुर।

 

जमशेदपुर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस अब केवल जुर्माना लगाकर नहीं छोड़ेगी। लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना जगाने के लिए जमशेदपुर पुलिस एक घंटे की विशेष डॉक्यूमेंट्री तैयार कर रही है। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को चालान भरने के साथ-साथ यह डॉक्यूमेंट्री देखना अनिवार्य होगा।

 

डॉक्यूमेंट्री में तेज रफ्तार, बिना हेलमेट बाइक चलाने, गलत लेन में वाहन चलाने और ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने के खतरों का सजीव चित्रण किया जाएगा। साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं के कारण, उनके गंभीर परिणामों और दुर्घटना में घायल हुए लोगों व उनके परिवारों पर पड़ने वाले असर को दिखाया जाएगा।

 

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि सिर्फ चालान काटने से नियमों का पालन पूरी तरह सुनिश्चित नहीं कराया जा सकता। चालकों को संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है।

डॉक्यूमेंट्री के अंत में वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे, जिससे यह पता चल सके कि उन्होंने नियमों को कितना समझा है। पुलिस इस प्रक्रिया के जरिए दंड के साथ-साथ व्यापक जागरूकता फैलाने की तैयारी में है।


...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822