जमुई के ककनचौर में ₹342 करोड़ की लागत से 75 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना शुरू। बिहार को ₹2.96 प्रति यूनिट की दर से मिलेगी हरित बिजली।
कंचन क्रांति ब्यूरो, । बिहार के जमुई जिले में 75 मेगावाट क्षमता की सौर विद्युत परियोजना से वाणिज्यिक उत्पादन शुरू हो गया है। ₹342 करोड़ की लागत से विकसित इस परियोजना से उत्पादित बिजली की दर ₹2.96 प्रति यूनिट (टैरिफ) निर्धारित की गई है।
एसजेवीएन (SJVN) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने इसे कंपनी की हरित ऊर्जा यात्रा में बड़ी सफलता बताया। इस परियोजना का निर्माण एसजेवीएन की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी 'एसजेवीएन ग्रीन एनर्जी लिमिटेड' (SGEL) ने जमुई के हधादिया-ककनचौर गांव के समीप लगभग 300 एकड़ भूमि पर किया है।
एसजेवीएन के निदेशक (एचआर) अजय शर्मा के अनुसार, इस इकाई से पहले वर्ष लगभग 90 मिलियन यूनिट और अगले 25 वर्षों में कुल 3,522 मिलियन यूनिट स्वच्छ बिजली उत्पादन का अनुमान है। उत्पादित पूरी बिजली की आपूर्ति बिहार राज्य को की जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को सस्ती और पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा मिलेगी।
परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से इससे प्रतिवर्ष लगभग 82,250 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, जो भारत के वर्ष 2030 तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता प्राप्त करने के राष्ट्रीय लक्ष्य में सहायक सिद्ध होगी।
..........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Mail tarunkkanchan@gmail.com
M.N. 8987259822
