जमुई के बिहारी मोहल्ला में मारपीट में घायल मुन्ना यादव की पटना में इलाज के दौरान मौत। आक्रोशित लोगों ने शव के साथ कचहरी चौक को किया जाम। जानिए पूरी खबर।
ए. आलम, जमुई:
जमुई टाउन थाना क्षेत्र के बिहारी मोहल्ला में खेत की आड़ काटकर पानी बहाने का विरोध करने पर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल मुन्ना यादव (पिता- कालेश्वर यादव) की इलाज के दौरान पटना में मौत हो गई। घटना के 17वें दिन गुरुवार की रात पटना में हुई मौत के बाद शुक्रवार की देर शाम करीब 7:00 बजे जब शव जमुई पहुंचा, तो परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित भीड़ ने शव के साथ जमुई के व्यस्त कचहरी चौक को जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया।
पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश और सड़क जाम
शव के साथ सड़क पर उतरे लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जमुई एसडीपीओ दीप्ति मोनाली और झाझा एसडीपीओ सहित कई वरीय पुलिस पदाधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने काफी मशक्कत और सूझबूझ से लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम को समाप्त कराया।
क्या था पूरा मामला?
मृतक के स्वजनों ने गांव के ही संतोष सिंह उर्फ ढेला सिंह उर्फ टिंकू सिंह और उनके पुत्र आर्यन कुमार पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। स्वजनों ने बताया कि मुन्ना यादव के खेत के पानी को बार-बार काट दिया जाता था, जिसे मुन्ना यादव द्वारा बांधा जाता था।
बीती 08 सितंबर की शाम जब खेत की आड़ को फिर से काटकर पानी निकाल दिया गया, तब मुन्ना यादव ने इस संबंध में संतोष सिंह से पूछताछ की। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, जिसमें मुन्ना यादव के पेट में गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं।
पटना में इलाज के दौरान हुई मौत

घटना के बाद घायल मुन्ना यादव को पहले सदर अस्पताल जमुई में भर्ती कराया गया था। कुछ दिनों तक इलाज के बाद जब उनकी स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ, तो उन्हें घर ले आया गया। हालांकि, कुछ ही दिनों बाद अचानक उनके पेट में गंभीर सूजन और दर्द शुरू हो गया, जिसके बाद सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। पटना में इलाज के दौरान गुरुवार की रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मच गया है। पत्नी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन पुत्र हैं मनीष, संजीत और मंजीत। इस हृदयविदारक घटना से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822