जमुई कोर्ट में राहुल गांधी, पप्पू यादव और तीन अन्य सांसदों के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और धार्मिक प्रतीकों का उपहास उड़ाने के आरोप में परिवाद दायर किया गया है।
जमुई: संसद के मानसून सत्र के दौरान धार्मिक प्रतीकों का उपहास उड़ाने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में सांसद राहुल गांधी एवं पप्पू यादव सहित पांच सांसदों के खिलाफ जमुई व्यवहार न्यायालय में परिवाद पत्र (Complaint Case) दायर किया गया है। यह मामला जमुई कोर्ट के अधिवक्ता राजीव रंजन द्वारा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) के न्यायालय में दर्ज कराया गया है।
अधिवक्ता राजीव रंजन का आरोप है कि संसद परिसर में राजनीतिक प्रदर्शन के नाम पर समाज में वैमनस्य फैलाने और सनातन आस्था का अपमान करने की कोशिश की गई। दर्ज परिवाद के अनुसार, पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सपा सांसद अवधेश प्रसाद, रुचि वीरा और धर्मेंद्र यादव ने इस कृत्य के जरिए लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।
परिवाद में विशेष रूप से सांसद पप्पू यादव द्वारा भगवा वस्त्र धारण कर साधु-संतों का रूप बनाने, धार्मिक प्रतीकों का राजनीतिक उपहास उड़ाने और प्रतीकात्मक दानपात्र का प्रयोग कर श्रद्धालुओं की आस्था को चोट पहुंचाने का जिक्र किया गया है। इस मामले में अधिवक्ता परमल कुमार सिंह, मुकेश पंडित और संजय पांडेय को गवाह बनाया गया है।
..........................................................................
राहुल गांधी पप्पू यादव परिवाद, जमुई कोर्ट परिवाद, धार्मिक भावना आहत मामला, पप्पू यादव भगवा विवाद, जमुई न्यूज़
