जमुई साइबर थाना पुलिस ने सरौन स्थित CSC सेंटर पर छापेमारी कर 2 फर्जी सिम सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। जारी किए गए 80 सिम नंबरों से 13 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई थी।
जमुई। फर्जी सिम कार्ड के जरिए देश भर में फैलाए जा रहे साइबर अपराध के नेटवर्क पर जमुई साइबर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। चकाई थाना क्षेत्र के सरौन स्थित 'शुभ सीएससी सेंटर' (CSC Center) पर छापेमारी कर पुलिस ने फर्जी तरीके से सिम कार्ड जारी कर साइबर ठगी कराने वाले दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
शनिवार दोपहर तीन बजे प्रेसवार्ता कर साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरौन गांव निवासी राजकपूर यादव और अरविंद कुमार के रूप में हुई है।
4 महीने में 100 सिम जारी, 80 नंबरों से हुई 13 लाख की ठगी
डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि सरौन स्थित सीएससी सेंटर के पीओएस (PoS) एजेंट द्वारा ऐसे सिम कार्ड सक्रिय किए जा रहे हैं, जिनका सीधा इस्तेमाल साइबर फ्रॉड में हो रहा है। सत्यापन के बाद जब साइबर पुलिस की टीम ने सेंटर पर छापेमारी की, तो पाया गया कि पीओएस आईडी का अवैध इस्तेमाल राजकपूर और अरविंद कर रहे थे।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि बीते 4 महीनों में इस सेंटर से लगभग 100 सिम कार्ड जारी किए गए थे। इनमें से 80 मोबाइल नंबरों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज पाई गई। इन नंबरों से कुल 125 साइबर शिकायतों के तार जुड़े हैं, जिनके जरिए आम लोगों से करीब 13 लाख रुपये की ठगी की गई है।
मामला दर्ज, आरोपियों को भेजा गया जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए जमुई साइबर थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस सफल छापेमारी टीम में पुलिस अवर निरीक्षक अभय कांत चंदा, पुलिस अवर निरीक्षक प्रेम प्रभात तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
...........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822