राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय जमुई में TEJAS हैकाथॉन 2026 का शुभारंभ हुआ। जमुई डीएम ने युवाओं से नौकरी मांगने के बजाय खुद का स्टार्टअप शुरू करने का आह्वान किया। पढ़ें पूरी खबर।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, जमुई।

 

भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के 'स्टार्टअप इंडिया' कार्यक्रम के तहत राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय (जीईसी), जमुई और जिला उद्योग केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय 'TEJAS' कार्यशाला एवं TEJAS Hackathon 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन जमुई के जिला पदाधिकारी (डीएम) ने दीप प्रज्वलित कर किया।

 

इस अवसर पर अपर समाहर्ता, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता और जीईसी जमुई के प्राचार्य समेत देश भर के आईआईटी, एनआईटी व अन्य शीर्ष तकनीकी संस्थानों से आए प्रतिभागी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

युवा नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार के अवसर पैदा करें: डीएम

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने युवाओं को उद्यमिता और नवाचार की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी तकनीकी दक्षता का उपयोग कर स्वयं का उद्यम शुरू करना चाहिए। डीएम ने कहा, युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस जरूरत इस बात की है कि वे अपनी क्षमता का इस्तेमाल स्थानीय स्तर की व्यावहारिक समस्याओं को हल करने में करें।

उन्होंने हैकाथॉन को निरंतर सीखने और सुधार करने का जरिया बताते हुए छात्रों को असफलता से न घबराने तथा लगातार प्रयास करने की सलाह दी।

सिंचाई व जल प्रबंधन में तकनीक के इस्तेमाल पर जोर

कार्यक्रम में मौजूद सिंचाई प्रमंडल जमुई के कार्यपालक अभियंता ने कहा कि जमुई जिले में विकास और कृषि सुधार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने सीमित पेयजल और जल संकट का जिक्र करते हुए छात्रों से 'वाटर बजटिंग' और सिंचाई के लिए सतत तकनीक विकसित करने की दिशा में काम करने की अपील की। उन्होंने जरूरत पड़ने पर छात्रों के साथ अपनी तकनीकी समझ साझा करने की बात भी कही।


विकास योजनाओं की जांच करेगा जमुई इंजीनियरिंग कॉलेज

इस हैकाथॉन का एक प्रमुख आकर्षण जिला प्रशासन और राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय जमुई के बीच हुआ अकादमिक-प्रशासनिक समन्वय रहा। इसके तहत जिले में चल रही विभिन्न निर्माण व विकास परियोजनाओं की गुणवत्ता जांच के लिए जीईसी जमुई की आधुनिक प्रयोगशालाओं और तकनीकी विशेषज्ञों की सेवाएं ली जाएंगी। इस पहल से सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और तकनीकी गुणवत्ता को मजबूती मिलेगी।

 

यह दो दिवसीय 'तेजस हैकाथॉन' युवाओं को समस्या की पहचान से लेकर स्टार्टअप शुरू करने तक का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगा। यह पहल 'आत्मनिर्भर भारत' और 'विकसित बिहार' के सपने को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।


Jamui GEC TEJAS Hackathon 2026 DM Inspires Youth For Startup India

 

...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822