जमुई के गिद्धौर में बदमाशों ने सिंटू कुमार पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें उसकी चाची रूपा देवी के पेट में गोली लग गई। गंभीर हालत में महिला को पटना रेफर किया गया है।

 

ए. आलम, जमुई।

जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत मौरा गांव में शुक्रवार की देर रात बेखौफ बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। घर के बाहर बैठे परिजनों पर तीन की संख्या में आए बदमाशों ने अचानक तीन राउंड फायरिंग कर दी। निशाना भतीजा सिंटू कुमार था, लेकिन गोली उसकी चाची रूपा देवी (पति लुखड़ यादव) के पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

 

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार, एक्स-रे और सीटी स्कैन के बाद महिला की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

 

मकई के खेत में भागे बदमाश

परिजनों ने बताया कि देर रात परिवार के सदस्य घर के दरवाजे पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक पहुंचे और लगातार दो राउंड फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए जब सिंटू कुमार भागने लगा, तभी बदमाशों ने तीसरी गोली चलाई जो पास खड़ी उसकी चाची के पेट में लग गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर पास के मकई के खेत में कूदकर फरार हो गए। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी।

 

घटनास्थल से कारतूस बरामद

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। मामले में सिंटू कुमार से भी पूछताछ की जा रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। फिलहाल अंधेर-रात होने के कारण बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है और न ही हमले के कारणों का स्पष्ट पता चल पाया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

 

...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822