जमुई के हरला गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। मारपीट और पथराव में एक महिला की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

ए. आलम, जमुई।

 टाउन थाना क्षेत्र के हरला गांव में सोमवार को खेत जुताई के दौरान छह माह से चले आ रहे भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के कुल 10 लोग घायल हो गए।

 

मृतका की पहचान उदित मंडल की 50 वर्षीया पत्नी लालो देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है, वहीं सभी घायलों का इलाज भी सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।

 

घायलों में एक पक्ष से दयानंद मंडल, जयवर्धन प्रसाद, लीलम मंडल, ज्योतिष कुमार, रितिक कुमार, ध्यानचंद कुमार, मनोज कुमार और बचन देवी शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से राजेंद्र मंडल और उनका पौत्र सतीश कुमार घायल हुए हैं।

 

छह माह से चल रहा था बंटवारे का विवाद

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उदित मंडल और राजेंद्र मंडल के बीच बीते छह महीनों से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। कुछ दिन पूर्व भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी, जिसे लेकर टाउन थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। सोमवार को एक बार फिर खेत जुताई को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

 

ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप बनाम बीमारी से मौत का दावा

मृतका के परिजनों का आरोप है कि राजेंद्र मंडल और उनके सहयोगी जबरन जमीन की जुताई कर रहे थे। जब लालो देवी अन्य लोगों के साथ इसे रोकने गईं, तो उन पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

दूसरी ओर, राजेंद्र मंडल ने ट्रैक्टर से कुचलने के आरोप को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि दूसरे पक्ष ने पहले उनकी जमीन जोत ली थी, जिसका विरोध करने पर मारपीट हुई। उन्होंने दावा किया कि महिला की मौत मारपीट या ट्रैक्टर से नहीं, बल्कि किसी बीमारी के कारण हुई है।

हरला गांव में खेत जुताई को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है, जिसमें एक महिला की मौत और कुछ लोग घायल हुए हैं। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। ट्रैक्टर से दबकर मौत होने की बात की पुष्टि किसी प्रत्यक्षदर्शी ने नहीं की है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।

अमरेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष, टाउन थाना जमुई

.............................................................................

Jamui News, Land Dispute Clash, Jamui Police, Harla Village Crime News, Jamui Sadar Hospital, जमुई समाचार, भूमि विवाद