जमुई के नीमारंग से 12 घंटे से लापता 7 वर्षीय बच्ची का शव अर्धनिर्मित मकान से मिला। परिजनों ने अगवा कर हत्या का आरोप लगाया। एसपी विश्वजीत दयाल ने दिए FSL जांच के आदेश।
ए. आलम, जमुई।
शहर के नीमारंग मोहल्ले में शनिवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पिछले 12 घंटे से लापता 7 वर्षीय बच्ची का शव एक अर्धनिर्मित मकान के परिसर से संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ। मृतका की पहचान नीमारंग निवासी मो. इकबाल की पुत्री सहाना खातून (7 वर्ष) के रूप में हुई है। बच्ची का शव मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने बच्ची को गलत नीयत से अगवा कर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए जमुई के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत दयाल स्वयं टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार से घटना की विस्तृत जानकारी ली। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
दुकान गई थी बच्ची, रात भर खोजते रहे परिजन

पीड़ित पिता मोहम्मद इकबाल ने बताया कि शुक्रवार की शाम बच्ची घर के पास ही स्थित एक दुकान से कुछ सामान लेने गई थी। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात भर परिवार के लोग आसपास के इलाकों में बच्ची को ढूंढते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार सुबह करीब 9:00 बजे जी. पार्क के समीप दर्जी मोहम्मद शफीक के अर्धनिर्मित मकान परिसर में बच्ची का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। परिजनों के अनुसार, बच्ची के गले पर चोट व दबाए जाने के गहरे निशान हैं। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म या अश्लील हरकत करने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई है।
स्पीडी ट्रायल और त्वरित गिरफ्तारी का भरोसा
एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि पुलिस घटना के हर संभावित पहलू की गहराई से जांच कर रही है। FSL की टीम साक्ष्य जुटा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस कप्तान ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजेगी।
…………………………………………………………………………………………………………
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822