जमुई के आवासीय रामकृष्ण विद्यालय के निदेशक आशीष सिंह पर छात्रा से छेड़खानी और अश्लील हरकत का आरोप। पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने भेजा जेल।

ए. आलम, जमुई

जमुई टाउन थाना क्षेत्र स्थित आवासीय रामकृष्ण विद्यालय में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। विद्यालय के निदेशक आशीष सिंह पर कार्यालय कक्ष में बुलाकर एक नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकत, छेड़खानी और गंभीर रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलने पर भड़के परिजनों ने विद्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची डायल 112 और टाउन थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी निदेशक को हिरासत में लिया। पीड़िता के परिवार की शिकायत पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सोमवार की शाम आरोपी निदेशक को जेल भेज दिया गया है।

पीड़िता छात्रा ने आरोप लगाया है कि उसे अनुशासन से जुड़े एक मामले में निदेशक के कार्यालय कक्ष में बुलाया गया था। छात्रा के अनुसार, जब वह निदेशक के पास गई तो उसने एक लड़के से बातचीत करने का हवाला देते हुए उसे यौन संबंध और गर्भधारण (प्रेग्नेंसी) से जुड़ी आपत्तिजनक बातें समझानी शुरू कर दीं। बातचीत के दौरान निदेशक ने उसे गलत तरीके से छुआ और उसके प्राइवेट पार्ट्स को टच किया।

घटना के बाद जब परिजन विद्यालय पहुंचे, तो उन्होंने आरोप लगाया कि निदेशक ने मिलने से इनकार कर दिया और हॉस्टल के गेट में ताला जड़ दिया ताकि वे छात्रा से न मिल सकें। काफी हंगामे और विरोध के बाद जब छात्रा से मुलाकात हुई, तब उसने आपबीती परिजनों को सुनाई। अन्य छात्राओं ने भी यह खुलासा किया कि निदेशक आशीष सिंह का आचरण लड़कियों के प्रति ठीक नहीं रहता है और वह पहले भी कई अन्य छात्राओं के साथ ऐसी हरकत कर चुका है। खास बात यह है कि पूरे विद्यालय परिसर और हॉस्टल में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन निदेशक के अपने कार्यालय कक्ष में सीसीटीवी नहीं लगाया गया था।

पूरे मामले पर अपनी सफाई देते हुए आरोपी निदेशक आशीष सिंह ने लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है और इसे एक साजिश के तहत बदनाम करने की कोशिश करार दिया है।

एसडीपीओ दीप्ति मोनाली ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि छात्रा के साथ छेड़खानी के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822