जमुई सदर अस्पताल में 102 एंबुलेंस कर्मियों की बड़ी लापरवाही। ऑक्सीजन न मिलने के कारण पटना रेफर किए गए 17 वर्षीय छात्र की हुई मौत, अस्पताल में परिजनों का हंगामा।
ए. आलम, जमुई
जमुई सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर गंभीर लापरवाही के चलते कटघरे में आ गई है। पटना रेफर किए गए एक 17 वर्षीय छात्र की 102 एंबुलेंस के भीतर ऑक्सीजन समय पर उपलब्ध न होने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सदर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और एंबुलेंस कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए। मृतक छात्र की पहचान झाझा थाना क्षेत्र के फतेहपुर कानन गांव निवासी महावीर रजक के इकलौते पुत्र महिंद्र कुमार रजक के रूप में हुई है, जिसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, महिंद्र कुमार को सांस लेने में गंभीर परेशानी हो रही थी, जिसके बाद उसे पहले झाझा स्वास्थ्य केंद्र और फिर वहां से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उसका ऑक्सीजन लेवल घटकर 72 पहुंच गया था। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति में सुधार न होने पर उसे पटना रेफर कर दिया गया। इसके बाद 102 एंबुलेंस बुलाई गई, लेकिन जैसे ही छात्र को वाहन में बैठाया गया, एंबुलेंस कर्मियों ने उसमें ऑक्सीजन कम होने की बात कही और सिलेंडर लाने चले गए।
बिना ऑक्सीजन के तड़पता रहा छात्र
परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर न होने के कारण करीब पांच मिनट तक छात्र बिना ऑक्सीजन के तड़पता रहा। इस दौरान उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। जब परिजनों ने उसे आनन-फानन में दोबारा एंबुलेंस से उतारकर सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले सड़क दुर्घटना में सिर में गंभीर चोट लगने के बाद से छात्र कमजोर हो गया था, लेकिन वह स्वस्थ होकर घर रह रहा था। अचानक सांस की दिक्कत ने उसकी जान ले ली।
इस पूरे मामले पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. थानीश कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी उच्चस्तरीय जांच की जा रही है। जांच में जो भी एंबुलेंसकर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन के अनुसार फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822