जमुई सदर अस्पताल में प्रभारी मंत्री संजय सिंह ने आधी रात 10:30 बजे मारा छापा। एसएनसीयू से डॉक्टर नदारद मिले और बेड पर खून के धब्बे देखकर सिविल सर्जन को फटकार लगाई। अवैध नर्सिंग होम सील करने के निर्देश दिए।
ए. आलम, जमुई।
जमुई सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की असल हकीकत परखने के लिए शुक्रवार की देर रात 10:30 बजे पीएचईडी मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री संजय सिंह ने औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक अस्पताल परिसर में दाखिल होते ही स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। निरीक्षण के दौरान एसएनसीयू (SNCU) वार्ड से डॉक्टर गायब मिले, वहीं इमरजेंसी वार्ड के बेड और स्ट्रेचर की चादरों पर खून के धब्बे और गंदगी देख मंत्री बिफर पड़े। उन्होंने मौके पर मौजूद सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार सिंह समेत जिम्मेदार कर्मियों को जमकर फटकार लगाई और व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने इमरजेंसी कक्ष, महिला व पुरुष वार्ड, कंट्रोल रूम, एसएनसीयू, मदर वेटिंग रूम, पैथोलॉजी लैब, डॉक्टर ड्यूटी रूम तथा रक्त अधिकोष (ब्लड बैंक) भवन समेत पूरे अस्पताल परिसर का सघन जायजा लिया। एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने कहा, "नवजात शिशुओं की निगरानी के लिए जीवनरक्षक उपकरण तो लगे हैं, लेकिन उन्हें देखने के लिए कोई डॉक्टर मौजूद नहीं है। ऐसी लापरवाही में नवजात की सुरक्षा सुनिश्चित करना असंभव है।"
निरीक्षण के दौरान जब ड्यूटी पर तैनात महिला कर्मी से डॉक्टरों की उपस्थिति के बारे में पूछताछ की गई, तो वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकीं। ड्यूटी रजिस्टर की जांच करने पर भी डॉक्टरों के हस्ताक्षर दर्ज नहीं मिले। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए मंत्री संजय सिंह ने ड्यूटी से नदारद पाए गए सभी डॉक्टरों व कर्मियों की सूची तलब की है और कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

अस्पताल की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने अवैध और गैर-मानक निजी नर्सिंग होम पर भी नकेल कसने का आदेश दिया। उन्होंने जिला पदाधिकारी को निर्देश दिया कि एक महीने के भीतर जमुई जिले के सभी निजी नर्सिंग होम की जांच कराई जाए। रजिस्ट्रेशन, डॉक्टरों की डिग्री और तय मानकों में गड़बड़ी मिलने पर संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील करने की हिदायत दी गई है। मंत्री ने आश्वासन दिया कि अगले एक सप्ताह के भीतर सदर अस्पताल की व्यवस्था और साफ-सफाई में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
..........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
