जमुई के रावणेश्वर हॉल में विद्युत विभाग और जिला प्रशासन के तत्वावधान में सोलर मेला आयोजित। डीएम ने 'प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना' के तहत रूफटॉप सोलर लगाने और सब्सिडी का लाभ उठाने की अपील की।
कंचन क्रांति ब्यूरो, जमुई।
स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और 'प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना' को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को रावणेश्वर हॉल में विद्युत विभाग व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 'सोलर मेला' आयोजित किया गया। मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी और अपर समाहर्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता के लिए रूफटॉप सोलर सिस्टम अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छत पर सोलर प्लांट लगाना अपनी खाली जगह से नियमित आय अर्जित करने जैसा है। इससे बिजली बिल में कमी के साथ-साथ अतिरिक्त बिजली से आय का जरिया भी बनता है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 8,000 के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 650 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 300 ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं। जिले के लगभग 13,339 उपभोक्ता, जिनका मासिक बिल 300 यूनिट से अधिक आता है, वे इस योजना का सीधा लाभ उठा सकते हैं। सरकार द्वारा योजना के तहत आकर्षक सब्सिडी और आसान बैंक ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सोलर प्लांट की आवेदन प्रक्रिया और लाभों को दर्शाया गया। वहीं, पूर्व से सोलर पैनल का उपयोग कर रहे स्थानीय लोगों ने भी अपने अनुभव साझा किए। अवसर पर अपर समाहर्ता, विद्युत विभाग के पदाधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
...........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822