देवघर उपायुक्त के निर्देश पर जसीडीह स्टेशन के पास दुकानों पर छापेमारी। 35 किलो मिलावटी पनीर नष्ट कराया गया। जांच में स्टार्च की मिलावट मिली।


कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के सख्त निर्देश पर बुधवार को जसीडीह रेलवे स्टेशन के आसपास स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अचानक धावा बोला। औचक छापेमारी के दौरान टीम ने मिलावटी और सेहत के लिए खतरनाक 35 किलोग्राम घटिया पनीर जब्त कर मौके पर ही नष्ट करवा दिया।


ऑन द स्पॉट जांच में खुला राज, पनीर में मिला स्टार्च

छापेमारी के दौरान टीम ने 'शांति कृष्ण दरबार' नामक प्रतिष्ठान में बिक रहे पनीर का सैंपल लेकर 'ऑन द स्पॉट' (मौके पर) मोबाइल लैब से जांच की। जांच में पनीर के अंदर दूध के बजाय भारी मात्रा में स्टार्च की मिलावट पाई गई।

मिलावट की पुष्टि होते ही अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लगभग 25 किलोग्राम मिलावटी पनीर को वहीं फिंकवा कर नष्ट करा दिया।


पूछताछ में उगला सच: बिहार के बाढ़ से होती थी सप्लाई

जब दुकान संचालक से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने कबूल किया कि यह मिलावटी पनीर रेलवे के जरिए बिहार के बाढ़ (बढ़ैया) क्षेत्र से मंगाया जाता है। उसने बताया कि राजदेव यादव नामक व्यापारी इस नकली पनीर की खेप जसीडीह में सप्लाई करता है।


अमन एजेंसी' पर भी कार्रवाई, 10 किलो नकली पनीर नष्ट

अभियान को आगे बढ़ाते हुए खाद्य सुरक्षा टीम ने 'अमन एजेंसी' पर भी छापेमारी की। यहाँ भी पनीर का सैंपल मानक के अनुरूप नहीं पाया गया, जिसके बाद दुकान से लगभग 8 से 10 किलोग्राम मिलावटी पनीर को जब्त कर मौके पर नष्ट कराया गया।


जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ पर होगी जेल

खाद्य सुरक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि श्रद्धालुओं और आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी मिलावटखोर को बख्शा नहीं जाएगा। नकली पनीर सप्लाई करने वाले व्यापारी राजदेव यादव और संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम (Food Safety Act) के तहत एफआईआर और सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा।

............................................................................................................................

Jasidih News, Jasidih Adulterated Paneer Raid, Deoghar Food Safety Raid, Saurabh Kumar Bhuwania, Kanchan Kranti News, जसीडीह नकली पनीर छापा