जसीडीह रेलवे स्टेशन पर साधु के वेश में मासूम बच्ची का अपहरण करने का प्रयास। जैप जवान की सतर्कता से पटना निवासी आरोपी मनोज गिरी गिरफ्तार।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
देवघर स्थित जसीडीह रेलवे स्टेशन से साधु के वेश में एक मासूम बच्ची का अपहरण करने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। श्रावणी मेला के दौरान स्टेशन पर तैनात झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) के जवान की मुस्तैदी और सतर्कता से समय रहते बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया और आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के पटना जिले स्थित फतुहा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर महारानी चौक निवासी मनोज गिरी के रूप में हुई है। वहीं, पीड़ित बच्ची बिहार के लखीसराय जिले के किऊल थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है, जो अपने परिजनों के साथ देवघर आई हुई थी।
जानकारी के अनुसार, जसीडीह स्टेशन परिसर में मेला ड्यूटी पर तैनात जैप जवान ने भगवा वस्त्र धारण किए साधु वेशधारी मनोज गिरी को एक छोटी बच्ची को ले जाते देखा। बच्ची को लगातार रोते-बिलखते देख जवान को संदेह हुआ। जब जवान ने मनोज गिरी को रोककर पूछताछ शुरू की और बच्ची से उसका रिश्ता पूछा, तो वह घबरा गया और गोलमटोल जवाब देने लगा। शक गहराने पर कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने बच्ची को अगवा करने की बात कबूल कर ली।
इसके बाद जवान ने तत्काल जसीडीह जीआरपी (रेल पुलिस) को सूचित कर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है और परिजनों से संपर्क कर बच्ची को सुरक्षित सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी का कोई संगठित बच्चा चोर गिरोह से संबंध तो नहीं है।
...............................................................................
Jasidih Railway Station, Jasidih News, Deoghar Crime News, Child Abduction Jasidih, JAP Jawan Jasidih, Deoghar Shravani Mela News, Jasidih GRP
