उत्तर प्रदेश में किसान अधिकार यात्रा की तैयारियों को लेकर कांग्रेस मुख्यालय में बैठक। अजय राय और अखिलेश शुक्ला ने जमीन, MSP और मुआवजे के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर दिया जोर।

रविशंकर सिंह, रायबरेली / लखनऊ:

उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस द्वारा पूरे प्रदेश में निकाली जाने वाली ‘किसान अधिकार यात्रा’ की तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और पूर्व मंत्री एवं अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने विशेष रूप से शिरकत की। बैठक के दौरान किसानों से जुड़े प्रमुख मुद्दों को इस यात्रा के माध्यम से जनता के बीच मजबूती से उठाने पर जोर दिया गया।

जमीन, सर्किल रेट और बिल्डरों को लेकर सरकार पर तीखे सवाल

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि 'किसान अधिकार यात्रा' में सर्किल रेट और भूमि अधिग्रहण के मुद्दों को प्रमुखता से शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता के बीच यह सवाल जोरदार ढंग से उठाया जाना चाहिए कि सरकारकिसानों से उनकी उपजाऊ जमीन किस सर्किल रेट पर ले रही है और वही जमीन मनमाने ढंग से बिल्डरों को किस दर पर उपलब्ध कराई जा रही है।

अजय राय ने आगे कहा, "बिल्डर उसी जमीन पर बने फ्लैट किस भारी कीमत पर बेच रहे हैं, इसका सच भी जनता के सामने आना चाहिए।" उन्होंने जोर दिया कि भूमि अधिग्रहण कानून और किसानों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा दिलाने जैसे सवाल इस यात्रा के मुख्य बिंदु होने चाहिए, जिससे यह साफ हो सके कि डबल इंजन सरकार किस प्रकार किसानों का आर्थिक व सामाजिक उत्पीड़न कर रही है। यात्रा के माध्यम से फसल के उचित मूल्य, एमएसपी (MSP) और कृषि नीतियों से जुड़े सवालों को व्यापक स्तर पर उठाने की आवश्यकता है।

गांव-गांव संवाद कर किसानों की समस्याएं उठाएगी कांग्रेस: अखिलेश शुक्ला

अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने बैठक में कहा कि इस 'किसान अधिकार यात्रा' का मूल उद्देश्य देश और प्रदेश के अन्नदाता की आवाज को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाना है। यात्रा के दौरान एमएसपी की कानूनी गारंटी, किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य, कृषि क्षेत्र से जुड़े ट्रेड डील्स (व्यापार समझौते) तथा किसानों को प्रभावित करने वाले सरकारी फैसलों को जनता के बीच रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से जुड़े इन अहम मुद्दों पर गांव-गांव जाकर संवाद स्थापित किया जाएगा और उनकी समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।

बैठक में कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद

इस उच्चस्तरीय तैयारी बैठक में किसान कांग्रेस जोन प्रभारी दिलीप मिश्रा, मध्य जोन एआईसीसी प्रभारी आनंद पाल सिंह, मध्य जोन चेयरमैन बृज मौर्या, पूर्वी जोन चेयरमैन राम अधार जोसेफ, किसान अधिकार यात्रा पूर्वी जोन चेयरमैन शशि उपाध्याय, राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर आर.सी. पांडेय, पूर्वी जोन उपाध्यक्ष कन्हैया यादव भारतीय, मध्य जोन उपाध्यक्ष सर्वेश श्रीवास्तव भारतीय, महासचिव कमलेश तिवारी, सचिव अतुल वर्मा, अमित प्रताप सिंह, प्रदीप मिश्रा, महेंद्र यादव, अरुण त्रिपाठी, ए.बी. खान सहित विभिन्न जिलों से आए किसान कांग्रेस के कई प्रमुख पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822