झारखंड में JPSC-JSSC धांधली को लेकर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बीजेपी ने मधुपुर में बंद कराया। जानिए पूरी खबर कंचन क्रांति न्यूज़ पर।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
झारखंड में जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) परीक्षा धांधली के खिलाफ आंदोलनरत छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोलों के प्रयोग के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के आह्वान पर आयोजित 'झारखंड बंद' का असर मधुपुर नगर में व्यापक रूप से देखा गया। बीजेपी जिलाध्यक्ष सचिन रवानी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर शांतिपूर्ण तरीके से बाजार और प्रतिष्ठानों को बंद कराया।
बंद के दौरान पूरा शहर हेमंत सोरेन इस्तीफा दो, जेपीएससी-जेएसएससी की सीबीआई जांच कराओ, नौकरी बेचना बंद करो और "छात्रों पर जुल्म बंद करो" जैसे नारों से गूंज उठा।
जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने कहा कि JPSC और JSSC पेपर लीक मामले को लेकर छात्र संगठन पिछले 16-17 दिनों से शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे। छात्रों की मांग परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की जांच सीबीआई (CBI) से कराने की थी। सरकार के साथ अनौपचारिक वार्ता विफल रहने और मांगों पर ध्यान न दिए जाने के बाद जब छात्रों ने विधानसभा घेराव का रुख किया, तो प्रशासन ने उन पर बर्बर कार्रवाई की। लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल से कई छात्र गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं।
रवानी ने आगे आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर मूकदर्शक बने हुए हैं, जो उनके दोहरे चरित्र को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी छात्रों के अधिकार की इस लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।
इस बंद के दौरान मुख्य रूप से विशेष आमंत्रित सदस्य संजय यादव, जिला उपाध्यक्ष पप्पू यादव, नगर अध्यक्ष रवि रवानी, विनय वर्मा, बबलू गोंड, अशोक गौंड, विक्की सिंह, मालती सिन्हा, सुनीता जायसवाल, प्रियंका मोंटी, मदन यादव, विक्की भारद्वाज, विजय चौधरी, गोपी बर्मन, शैलेंद्र गौतम, सोनी खंडेलवाल, सुदामा यादव, आशीष यादव, कलु गुप्ता और मुन्ना गुप्ता सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
............................................................................
Jharkhand Bandh, JSSC Paper Leak, JPSC Scam, BJP Protests Jharkhand, Madhupur News, Deoghar News, Sachin Rawani BJP, Student Protest Jharkhand, Hemant Soren Govt
