कोडरमा में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा लूटने की साजिश रच रहे बिहार के सिवान निवासी चार अपराधियों को झारखंड पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अपराधी के पैर में गोली लगी है।


कोडरमा। झारखंड की कोडरमा पुलिस को मंगलवार तड़के एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने झुमरीतिलैया स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में डकैती की योजना बना रहे बिहार के सिवान जिले के चार शातिर अपराधियों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान हुई गोलीबारी में एक अपराधी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोडरमा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अंतरराज्यीय गिरोह के कुछ अपराधी बैंक लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए झुमरीतिलैया इलाके में जमा हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तड़के करीब 4:00 बजे तिलैया थाना क्षेत्र के झरनाकुंड के समीप घेराबंदी शुरू की।


पुलिस को देखकर अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से चलाई गई गोली प्रिंस पांडे उर्फ बाबा के पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर गिरोह के अन्य तीन सदस्यों को भी मौके से धर दबोचा।


गिरफ्तार किए गए चारों अपराधी बिहार के सिवान जिले के रहने वाले हैं। इनमें प्रिंन्स पांडे उर्फ बाबा (मुठभेड़ में घायल),

सनी कुमार, अतुल कुमार, अमन कुमार शामिल हैं।


पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस जब्त किए हैं। इनमें तीन पिस्तौल्, 15 गोलियां शामिल हैं।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस गिरोह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और ये बिहार तथा झारखंड के सीमावर्ती जिलों में कई गंभीर वारदात में शामिल रहे हैं। फिलहाल घायल अपराधी का इलाज पुलिस हिरासत में चल रहा है और बाकी तीन से पूछताछ जारी है, जिससे अन्य संभावित ठिकानों और मददगारों का पता लगाया जा सके।