झारखंड सरकार के मंत्री और गिरिडीह के झामुमो विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार तड़के गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। पढ़ें पूरी खबर।
रांची / गिरिडीह। झारखंड सरकार में नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार तड़के निधन हो गया। वे गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के विधायक भी थे। देर रात अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
चिकित्सकों के अनुसार, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट (हार्ट अटैक) रही। शनिवार को वे पूरी तरह सक्रिय थे और शिक्षक दिवस से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। हालांकि, देर रात अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। परिजनों और समर्थकों द्वारा उन्हें तत्काल पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

सुदिव्य सोनू के असामयिक निधन से झारखंड मुक्ति मोर्चा और पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। झामुमो ने अपने आधिकारिक शोक संदेश में गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कल तक जो साथी पार्टी के कार्यक्रमों में साथ थे, आज केवल उनकी यादें रह गई हैं। पार्टी ने इसे झामुमो, सरकार और पूरे झारखंड राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। बयान में कहा गया कि सुदिव्य कुमार का संघर्ष, सेवा भावना और जनहित में दिया गया योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
मंत्री सुदिव्य सोनू के आकस्मिक निधन की खबर से राज्य के राजनीतिक गलियारों में गमगीन माहौल है। विभिन्न दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि यह अत्यंत पीड़ादायक समाचार है। उन्होंने ईश्वर (बाबा बैद्यनाथ) से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि अपने साथी मंत्री के अचानक चले जाने से मन बहुत व्यथित है। देर रात तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाने के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका।
सांसद जोबा माझी ने घटना पर स्तब्धता जताते हुए कहा कि सुदिव्य सोनू का जाना पार्टी और पूरे झामुमो परिवार के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822