झारखंड के साहेबगंज जिले के रहने वाले 14 वर्षीय विष्णु कुमार की बिहार के कटिहार स्थित मनिहारी गंगा घाट पर स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई।


कंचन क्रांति न्यूज, कटिहार।

बिहार के कटिहार जिले में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर गंगा नदी में डूबने से दो दर्दनाक हादसे हुए। इन हादसों में पड़ोसी राज्य झारखंड के साहेबगंज जिले के एक 14 वर्षीय किशोर और एक 5 वर्ष के मासूम बालक की डूबने से मौत हो गई।


झारखंड (साहेबगंज) से मौसी के घर आया था किशोर

मनिहारी गंगा घाट पर रविवार की सुबह स्नान करने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। मृत किशोर की पहचान झारखंड के साहेबगंज जिले के मटिया गांव निवासी 14 वर्षीय विष्णु कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि विष्णु रक्षाबंधन के त्यौहार पर कटिहार जिले के मनिहारी अंचल अंतर्गत केवाला पंचायत के छोटी हंसवर गांव स्थित अपनी मौसी रेखा देवी के घर आया हुआ था।

रविवार सुबह वह अपने मौसेरे भाई और अन्य बच्चों के साथ मनिहारी गंगा घाट पर स्नान करने गया था। प्रत्यक्षदर्शी मौसेरे भाई नितेश के अनुसार, स्नान करने के दौरान विष्णु अचानक गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद किया। मनिहारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा ने बताया कि परिजनों के अनुरोध पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया, जिसके बाद परिजन शव को लेकर झारखंड के साहेबगंज वापस रवाना हो गए।



बाढ़ के पानी में डूबने से 5 वर्षीय मासूम की गई जान

दूसरी घटना अमदाबाद थाना क्षेत्र के पार दियारा ग्राम पंचायत स्थित झब्बू टोला गांव में घटी। गांव में गंगा नदी का बाढ़ का पानी फैला हुआ है। झब्बू टोला वार्ड संख्या 2 निवासी मनीरूल का 5 वर्षीय पुत्र जीशान रविवार दोपहर करीब 1 बजे अपने दोस्तों के साथ घर के पास जमा पानी में नहाने गया था।

नहाने के क्रम में मासूम गहरे पानी में चला गया और डूब गया। ग्रामीणों ने बताया कि पार दियारा पंचायत के अधिकांश गांवों में गंगा का पानी भर गया है और लोग नावों का सहारा ले रहे हैं। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

.....................................................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822