जमुई और खैरा में जीविका तथा बिहार ग्रामीण बैंक की संयुक्त बैठक संपन्न। आगामी 18 सितंबर को होने वाले महा ऋण वितरण की तैयारियों की समीक्षा, दीदियां बनेंगी आर्थिक रूप से मजबूत।

कंचन क्रांति न्यूज़, जमुई

वित्तीय समावेशन के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी जीविका दीदियों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने और आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सोमवार को जीविका की प्रखंड इकाई जमुई सदर व खैरा कार्यालय में बिहार ग्रामीण बैंक के प्रबंधकों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक (DPM) श्री संजय कुमार ने की।

  बैठक का मुख्य फोकस स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी दीदियों को समय पर बैंकिंग सुविधाएं और ऋण उपलब्ध कराकर उनकी आजीविका गतिविधियों को गति देना रहा। इस दौरान विशेष रूप से आगामी 18 सितंबर को प्रस्तावित 'महा ऋण वितरण' की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। इसके साथ ही, जिन स्वयं सहायता समूहों (SHG) के बचत या ऋण खाते अब तक नहीं खुले हैं, उनके खाते शीघ्र खोलने और बैंकिंग प्रक्रियाओं को पूरी तरह सुगम बनाने पर विशेष बल दिया गया।

  इस समन्वय बैठक में बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री अमरदीप, क्रेडिट मैनेजर श्री अभिषेक कुमार, माइक्रोफाइनेंस मैनेजर श्री वीरेंद्र शर्मा, जमुई सदर व खैरा के शाखा प्रबंधक, जमुई सदर के प्रभारी बीपीएम श्री प्रियम जैन, खैरा के बीपीएम श्री निरूपम घोष सहित दोनों प्रखंडों के तमाम क्षेत्रीय एवं सामुदायिक समन्वयक उपस्थित रहे।

    डीपीएम श्री संजय कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों के माध्यम से तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं, और बैंकों के साथ बेहतर समन्वय से अधिक से अधिक दीदियों तक वित्तीय सेवाएं पहुंचाई जा सकेंगी। वहीं, बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री अमरदीप ने आश्वस्त किया कि बैंक जीविका दीदियों को स्वावलंबी बनाने और उन्हें समय पर ऋण मुहैया कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822