JPSC-CGL स्कैम में देवघर से गिरफ्तार पशुपालन विभाग के लिपिक सुधाकर कुमार से पूछताछ जारी। CID की जांच में 1400 लोगों को फर्जी तरीके से बाहर कराने और नौकरी दिलाने का बड़ा खुलासा। पढ़ें पूरी खबर कंचन क्रांति न्यूज पर।
- बांका से दुमका और रांची तक फैला था सेटिंग का जाल
- 15-15 लाख में पास कराने वाला मास्टरमाइंड लिपिक देवघर से पकड़ा गया
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
झारखंड की बहुचर्चित जेपीएससी-सीजीएल (JPSC-CGL) परीक्षा में धांधली और सेटिंग के मामले में सीआईडी (CID) की कार्रवाई लगातार तेज हो गई है। देवघर से गिरफ्तार किए गए पशुपालन विभाग के लिपिक सुधाकर कुमार से अब रांची में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासे किए हैं, उसने जांच एजेंसियों के भी होश उड़ा दिए हैं। सुधाकर का दावा है कि उसके सिंडिकेट के माध्यम से विभिन्न परीक्षाओं में करीब 1400 लोग गलत तरीके से बाहर और भीतर किए गए हैं। यह पूरा मामला सिर्फ एक परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका दायरा काफी बड़ा बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, सीआईडी की रिमांड पर मौजूद सुधाकर ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह इस बड़े सिंडिकेट का सिर्फ एक छोटा मोहरा भर है। यदि इस मामले की तह तक निष्पक्ष जांच की जाए, तो गलत तरीके से बहाल हुए लगभग 1400 लोग जांच के दायरे में आ सकते हैं। आरोपी ने हाई कोर्ट, जेपीएससी, फॉरेस्ट सर्विस और सीजीएल समेत कई अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी अपने संपर्क के जरिए अभ्यर्थियों को पास कराने की बात कबूली है। फिलहाल, सीआईडी उन तमाम दस्तावेजों और चेक बुकों की सत्यता खंगाल रही है जो छापेमारी के दौरान उसके पास से बरामद किए गए थे।
मूल रूप से बिहार के बांका जिला अंतर्गत जयपुर थाना क्षेत्र के जयपुर गांव का रहने वाला सुधाकर वर्ष 2018 में पशुपालन विभाग में लिपिक के पद पर बहाल हुआ था। शुरुआती पांच साल कोडरमा में गुजारने के बाद उसका तबादला रांची हुआ था। रांची में जब परीक्षा माफियाओं पर शिकंजा कसना शुरू हुआ, तो उसने खुद को बचाने के लिए करीब 10 दिन पहले ही अपना तबादला दुमका पशुपालन विभाग में करवा लिया था। दुमका में कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वह देवघर के रखिया स्थित बंधा बैजनाथपुर इलाके में किराए का मकान लेकर छिपकर रह रहा था।
रविवार को सीआईडी की 5 सदस्यीय विशेष टीम ने देवघर पुलिस के सहयोग से बंधा बैजनाथपुर में छापेमारी कर सुधाकर को दबोच लिया था। इस कार्रवाई में मोहनपुर, रखिया और कुंडा थाना की पुलिस ने अहम भूमिका निभाई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के पास से दर्जनों बैंक चेक बुक, कई अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण पत्र, जरूरी कागजात और नकदी बरामद हुई थी। सीआईडी इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इन चेक बुकों और दस्तावेजों का इस्तेमाल किन लोगों के खातों और लेन-देन के लिए किया जाता था।
अनुमान लगाया जा रहा है कि रांची में चल रही गहन पूछताछ के दौरान इस रैकेट से जुड़े कई अन्य सफेदपोश और बड़े नाम बेनकाब हो सकते हैं। कंचन क्रांति न्यूज इस पूरे प्रकरण पर अपनी पैनी नजर बनाए रखेगा। आगे के खुलासे जल्द अपडेट किए जाएंगे।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822