जेएसएससी सीजीएल धांधली मामले में सीआईडी ने मास्टरमाइंड अभय तिवारी की पत्नी और भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जेएसएससी सचिव से भी 9 घंटे पूछताछ हुई।
कंचन क्रांति ब्यूरो, रांची/देवघर।
जेएसएससी सीजीएल (JSSC CGL) परीक्षा धांधली मामले में सीआईडी ने कार्रवाई तेज करते हुए मुख्य आरोपी अभय तिवारी की पत्नी सुषमा और भाई अक्षय को गिरफ्तार कर लिया है। सीआईडी ने अक्षय को देवघर के मारगोमुंडा और सुषमा को गिरिडीह के बेंगाबाद से हिरासत में लिया। रांची स्थित मुख्यालय में घंटों पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सचिवालय में तैनात थे दोनों आरोपी
सीआईडी सूत्रों के अनुसार, फर्जी तरीके से परीक्षा पास करने के बाद सुषमा की तैनाती राज्य वित्त विभाग में हुई थी, जबकि अक्षय महिला एवं बाल विकास विभाग में कार्यरत था। अक्षय पूर्व में जामताड़ा का एपीआरओ रह चुका है और उसने 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा भी पास की थी। इसके अतिरिक्त मामले में संलिप्तता की आशंका को लेकर चतरा के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तेजनारायण पंडित से भी सीआईडी ने गहन पूछताछ की है।
जेएसएससी सचिव से 9 घंटे पूछताछ, 3 अभ्यर्थी रिमांड पर
परीक्षाओं में अनियमितता के आरोपों को लेकर सीआईडी ने जेएसएससी के सचिव सुधीर गुप्ता से मंगलवार को करीब नौ घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान परीक्षा एजेंसियों के चयन और जब्त दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन कराया गया।
दूसरी ओर, जेपीएससी परीक्षा धांधली (केस संख्या 16/26) से जुड़े तीन सफल अभ्यर्थियों—मनोज कुमार, रोशन केरकेट्टा और उमाकांत उरांव को सीआईडी ने 5 दिनों की रिमांड पर लिया है। इनसे दलालों और पैसों के लेनदेन के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।
दो दिनों में पूरी होगी ओएमआर शीट की स्क्रूटनी
जेपीएससी 14वीं पीटी परीक्षा में गड़बड़ी की जांच के तहत सीआईडी अगले दो दिनों में 1700 से अधिक ओएमआर शीट (OMR Sheets) की स्क्रूटनी पूरी करेगी। आयोग से जब्त मूल ओएमआर शीट और अभ्यर्थियों की कार्बन कॉपी का मिलान कर फर्जीवाड़े का आकलन किया जा रहा है।
.........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822