JSSC CGL परीक्षा धांधली में DGP के आदेश पर SIT का विस्तार किया गया है। 37 संदिग्धों से पूछताछ के बाद अब सभी 1932 सफल अभ्यर्थियों के ओएमआर शीट और दस्तावेजों की जांच होगी।

  

कंचन क्रांति ब्यूरो, रांची:

 

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की सीजीएल (CGL) परीक्षा में हुई धांधली की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) का दायरा बढ़ा दिया गया है। पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्रा के निर्देश पर एसआईटी में कई वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल करते हुए टीम का विस्तार किया गया है। अब कुल 17 सदस्यीय एसआईटी टीम इस पूरे मामले की जांच करेगी।

 

विस्तारित एसआईटी में स्पेशल ब्रांच एसपी सौरभ, सीआईडी एसपी पूज्य प्रकाश, रोशन गुड़िया, प्रतीक्षारत एसपी निधि द्विवेदी और चैनपुर एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल समेत सीआईडी के कई डीएसपी, इंस्पेक्टर व एसआई रैंक के अफसरों को शामिल किया गया है।

 

37 संदिग्धों से देर रात तक पूछताछ

 

एसआईटी ने मामले में गुरुवार को 37 संदिग्धों को समन जारी कर तलब किया, जिनसे देर रात तक पूछताछ की गई। पूछताछ में परीक्षा में सफल हुए कई अभ्यर्थी और उनके कथित लाइजनर (बिचौलिए) शामिल थे। यह कार्रवाई जेपीएससी केस के मास्टरमाइंड अभय तिवारी से मिले इनपुट के आधार पर की गई है। अभय ने गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में सीजीएल परीक्षा में भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की बात स्वीकारी थी।

 

सभी 1,932 सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की होगी स्क्रूटनी

 

जांच एजेंसी अब सीजीएल परीक्षा में अंतिम रूप से चयनित सभी 1,932 अभ्यर्थियों की भूमिका की पड़ताल करेगी। फर्जी या अनुचित तरीके से नौकरी पाने वाले अभ्यर्थियों की पहचान के लिए सीआईडी सभी सफल अभ्यर्थियों की ओएमआर (OMR) शीट, उत्तर पुस्तिकाओं और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े तमाम दस्तावेजों की गहन जांच करेगी।

 

मास्टरमाइंड अभय, पत्नी और भाई को रिमांड पर लेगी सीआईडी

 

सीआईडी जल्द ही मास्टरमाइंड अभय तिवारी, उसके सगे भाई अक्षय तिवारी और पत्नी सुषमा तिवारी को अदालत से रिमांड पर लेगी। उल्लेखनीय है कि 18 अगस्त को गिरफ्तार हुए अक्षय और सुषमा भी सीजीएल परीक्षा में उत्तीर्ण घोषित हुए थे। जांच एजेंसी तीनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी, ताकि धांधली के पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके।


...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822