JSSC CGL धांधली मामले में CID ने मास्टरमाइंड अभय तिवारी, उसकी पत्नी और भाई को रिमांड पर लिया है। 40 से अधिक सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ जारी है और OMR शीट का मिलान किया जा रहा है।
कंचन क्रांति ब्यूरो, रांची।
जेएसएससी सीजीएल (JSSC CGL) परीक्षा धांधली मामले में सीआईडी की विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य साजिशकर्ता अभय तिवारी को 5 दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि उसकी पत्नी सुषमा तिवारी और भाई अक्षय तिवारी से 3-3 दिनों की रिमांड पर गहन पूछताछ की जा रही है। शनिवार की देर शाम सीआईडी की टीम तीनों आरोपियों को अपने कार्यालय लेकर पहुंची।
जांच में खुलासा हुआ है कि टीडीपीएल (TDPL) में मार्केटिंग मैनेजर के पद पर रहते हुए अभय तिवारी ने JSSC के साथ परीक्षा का समझौता (MoU) कराया था। कंपनी के डिबार होने के बाद भी उसने परीक्षा संचालित करने वाली वेबल (Webel) एजेंसी के साठगांठ से अभ्यर्थियों की सेटिंग कराई। इस फर्जीवाड़े से अभय न केवल खुद बहाल हुआ, बल्कि उसने अपनी पत्नी और भाई को भी नौकरी दिलवाई। अभ्यर्थियों को नेपाल, पटना, रांची और बोकारो ले जाकर प्रश्न-उत्तर रटवाए गए थे।
40 से अधिक सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ
मामले में एसआईटी लगातार दबिश दे रही है। शनिवार को नियुक्ति पत्र पा चुके 16 सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ की गई। शुक्रवार और शनिवार मिलाकर अब तक 40 से अधिक सफल परीक्षार्थियों और संदिग्धों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। सीआईडी अब परीक्षा एजेंसी से जुड़े मिथलेश सिंह और अन्य बिचौलियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। फर्जी तरीके से नौकरी पाने वाले अन्य अभ्यर्थियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
ओएमआर शीट की स्क्रूटनी अंतिम चरण में
दूसरी ओर, परीक्षा में हुई अनियमितताओं को लेकर एसआईटी ओएमआर शीट (OMR Sheet) का मिलान कर रही है। सफल अभ्यर्थियों द्वारा जमा की गई लगभग 1,700 कार्बन ओएमआर शीट का मूल कॉपी से मिलान किया जा रहा है। जिन शीटों में अंतर मिल रहा है, उन्हें अलग चिन्हित किया जा रहा है। इस पूरी प्रक्रिया में सीआईडी को करीब एक सप्ताह का समय और लग सकता है।
...........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822