कारगिल चौक पर हथियारबंद बदमाशों ने कल दिया था वारदात को अंजाम, दुकानदार को किया घायल; शहर में दहशत का माहौल।
झारखंड के गोड्डा में बंगाल ज्वेलर्स में हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग कर 6 लाख कैश और जेवरात की लूट की। घटना के विरोध में गोड्डा चेंबर ऑफ कॉमर्स ने बाजार बंद का ऐलान किया है। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति ब्यूरो, गोड्डा।
झारखंड के गोड्डा में बेखौफ अपराधियों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए शहर के हृदय स्थली कारगिल चौक पर एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बुधवार की शाम 'बंगाल ज्वेलर्स' में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग और लाखों की लूट के विरोध में गोड्डा के कारोबारियों में भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में गोड्डा चेंबर ऑफ कॉमर्स ने अनिश्चितकालीन बाजार बंद का आह्वान किया है। गुरुवार को शहर की सभी दुकानें बंद रहीं, हालांकि आवश्यक सेवाओं के तहत केवल मेडिकल स्टोर को इससे मुक्त रखा गया है। व्यवसायियों की स्पष्ट मांग है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी नहीं हो जाती, आंदोलन जारी रहेगा।
बारिश और सन्नाटे का उठाया फायदा, 6 लाख नकद और जेवरात लूटे
जानकारी के अनुसार, कारगिल चौक स्थित शालीमार होटल के सामने बंगाल ज्वेलर्स में बुधवार शाम करीब 7:15 बजे तीन हथियारबंद बदमाश पहुंचे। उस समय तेज बारिश के कारण सड़क पर सन्नाटा पसरा था। इसी का फायदा उठाकर एक बदमाश हथियार लेकर दुकान के अंदर घुसा, दूसरा बाहर रेकी करने लगा और तीसरा बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा। दुकान के अंदर ग्राहक मौजूद थे। तभी एक महिला के चीखने की आवाज आई और उसके तुरंत बाद अंदर दो राउंड गोलियां चलीं। बदमाशों ने दुकानदार वासुदेव राय के साथ मारपीट की और उनके सिर पर हथियार के बट से वार कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद गल्ले में रखे करीब छह लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में जेवरात समेट लिए।
दहशत फैलाने के लिए बाहर भी की फायरिंग
लूटपाट के बाद बाहर निकलते समय बदमाशों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए तीन राउंड हवाई फायरिंग की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भागने के दौरान कारगिल चौक पर लगे जाम में अपराधी करीब एक मिनट तक फंसे रहे, लेकिन उनके हाथों में हथियार और खौफनाक मंजर देखकर किसी की उन्हें पकड़ने की हिम्मत नहीं हुई। दहशत का फायदा उठाकर वे हवा में हथियार लहराते हुए महागामा रोड की ओर फरार हो गए।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, छापेमारी तेज
गोलीबारी और लूट की इस दुस्साहसिक वारदात के बाद आसपास के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मुख्यालय डीएसपी जेपीएन चौधरी और महावीर पंडित ने घटनास्थल का जायजा लिया।
फिलहाल, पुलिस निरीक्षक दिनेश कुमार और एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
(कंचन क्रांति वेबसाइट पर झारखंड की तमाम बड़ी खबरों के लिए जुड़े रहें)
..............................................................................................................................
Keywords : गोड्डा न्यूज, बंगाल ज्वेलर्स गोड्डा लूट, गोड्डा बाजार बंद, गोड्डा कारगिल चौक, Godda News, Jharkhand crime news, Kanchan Kranti Godda news, गोड्डा चेंबर ऑफ कॉमर्स, गोड्डा पुलिस।