खगड़िया जिले में बाढ़ का कहर जारी है। परबत्ता थाना क्षेत्र के भरसो में स्नान के दौरान दो सगे भाइयों की डूबकर मौत हो गई, जबकि मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग किसान की भी पानी में डूबने से जान चली गई। पढ़ें पूरी खबर कंचन क्रांति न्यूज़ पर।
कंचन क्रांति न्यूज़, खगड़िया।
खगड़िया जिले में बाढ़ का पानी लोगों के लिए लगातार काल बनता जा रहा है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बाढ़ के पानी में डूबने से दो सगे भाइयों सहित कुल तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस मर्मस्पर्शी घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
भरसो में स्नान के दौरान सगे भाइयों की मौत
परबत्ता थाना क्षेत्र के भरसो बंधकट्टा गांव के समीप सोमवार को बाढ़ के पानी में स्नान करने के दौरान डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कोलवारा पंचायत के तेलिया बथान गांव निवासी एतवारी मंडल के 12 वर्षीय पुत्र गोविंद कुमार और 14 वर्षीय पुत्र जयजय कुमार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह करीब 10 बजे तेलियाबथान गांव से आधा दर्जन से अधिक बच्चे साइकिल पर सवार होकर भरसो बंधकट्टा के पास बाढ़ के पानी में स्नान करने गए थे। स्नान के दौरान बड़ा भाई जयजय कुमार गहरे पानी में जाने के कारण डूबने लगा। अपने बड़े भाई को डूबता देख छोटे भाई गोविंद ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी, लेकिन दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। वहां मौजूद महिलाओं के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने खोजबीन शुरू की।
घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी (CO) आपदा मित्रों के साथ मौके पर पहुंचे और कुछ ही देर की मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को बाहर निकाला। उस समय छोटे भाई गोविंद की सांसें हल्की चल रही थीं। सीओ और आपदा मित्र उसे तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परबत्ता पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, खगड़िया भेज दिया। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
रहीमपुर में बुजुर्ग किसान की मौत
दूसरी घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नया टोला रहीमपुर की है, जहां रविवार की देर रात बाढ़ के पानी में डूबकर एक बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान 65 वर्षीय देवनंदन चौधरी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, देवनंदन चौधरी रविवार रात लघुशंका के लिए घर से बाहर निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। रातभर तलाश करने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह जब परिजनों ने दोबारा खोजबीन की, तो पानी में उनका शव तैरता हुआ मिला। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर विधायक बबलू कुमार मंडल सदर अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अंचलाधिकारी से मृतक के आश्रितों को जल्द से जल्द सरकारी अनुग्रह राशि देने की मांग की। थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822