किशनगंज में प्रेम विवाह के महज 3 महीने बाद रेलवे ट्रैक के पास मिला नवविवाहिता जूही बेगम का संदिग्ध शव। ससुराल वाले छोड़कर हुए थे फरार, जांच में जुटी पुलिस।


कंचन क्रांति ब्यूरो, भागलपुर।

किशनगंज सदर थाना क्षेत्र के तीन नंबर रेलवे गुमटी के पास शनिवार को एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान खगड़ा (वार्ड संख्या 31) निवासी 27 वर्षीय जूही बेगम के रूप में हुई है। महज़ तीन महीने पहले शुरू हुई इस प्रेम कहानी का ऐसा दर्दनाक अंत होगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्रेम विवाह के बाद किराए के मकान में रह रहा था जोड़ा

मिली जानकारी के अनुसार, जूही बेगम ने तीन महीने पहले वार्ड संख्या 2 के रहने वाले तनवीर आलम से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों एक किराए के मकान में रह रहे थे। लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद उनके रिश्ते में खटास आने लगी। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को मृतका के ससुराल वाले अचानक जूही को उसके माता-पिता के घर छोड़ कर चले गए थे। इसके बाद से ही आरोपी पति तनवीर ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और फरार हो गया। इसके कुछ ही घंटों बाद शनिवार को जूही का शव रेलवे ट्रैक के पास बरामद हुआ।

पिता ने पति पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही किशनगंज सदर थाना पुलिस और रेल थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना स्थल पर वार्ड नंबर 31 के प्रतिनिधि शमशुल हुदा और वार्ड नंबर 22 के पार्षद कलीमउद्दीन सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे।

मृतिका के पिता ने जूही के पति तनवीर आलम पर हत्या और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थानीय लोगों के बीच भी इस संदिग्ध मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार पति की तलाश जारी है।

...........................

Keywords - Kishanganj Crime News, Newlywed Woman Dead Body, Love Marriage Murder Case Bihar, किशनगंज पुलिस, जूही बेगम संदिग्ध मौत, रेलवे ट्रैक पर शव, कंचन क्रांति भागलपुर, बिहार क्राइम न्यूज़