सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार को नाबालिग के साथ दो साल से यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया है। चंदवारा थाना क्षेत्र में पूछताछ जारी, जल्द होगी न्यायिक कार्रवाई
कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार को एक नाबालिग के साथ कथित यौन शोषण के गंभीर आरोप में पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शनिवार की देर रात चंदवारा थाना क्षेत्र के तिलैया डैम ओपी के पास स्थित उनके निजी क्लीनिक से उन्हें उठाया। फिलहाल पुलिस और महिला थाना की टीम उनसे कड़ाई से पूछताछ कर रही है और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की पूरी तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता झारखंड के हजारीबाग जिले के बरकट्ठा प्रखंड की रहने वाली है। यह मामला करीब दो साल पुराना है। लगभग दो साल पहले पीड़िता अपनी मां का इलाज कराने के लिए कोडरमा सदर अस्पताल आई थी। इसी दौरान सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने उसे अपने झांसे में ले लिया और कथित तौर पर उसका यौन शोषण करना शुरू कर दिया।
पीड़िता के परिजनों और पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, यह शोषण पिछले लगभग दो सालों से लगातार जारी था।
महिला थाना द्वारा इस मामले की प्रारंभिक जांच पूरी करने के बाद घटना की विस्तृत जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को दी गई। मामला हाई-प्रोफाइल होने के कारण शुरुआत में प्रशासनिक हलकों में काफी गोपनीयता बरती गई और कोई भी अधिकारी खुलकर कुछ बोलने से बचता नजर आया।
कोडरमा के पुलिस अधीक्षक (SP) कुमार शिवाशीष ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार को देर रात हिरासत में लिया गया है। फिलहाल उन्हें चंदवारा थाना क्षेत्र के तिलैया डैम ओपी में रखकर पूछताछ की जा रही है और पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822