कोडरमा के चंदवारा में सरकारी और स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ ग्रामीणों और बच्चों ने अंचल कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। जानिए पूरी खबर।
कोडरमा। गैर मजरूआ (सरकारी) जमीन और बच्चों के खेल मैदान पर लगातार हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ सोमवार की सुबह ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। चंदवारा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीण और स्कूली बच्चों ने सीओ (अंचल अधिकारी) के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।
धरना में शामिल ग्रामीणों और बच्चों का कहना है कि अंचल कार्यालय क्षेत्र में स्थित गैर मजरूआ जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा धड़ल्ले से कब्जा किया जा रहा है। हद तो तब हो गई जब स्कूल के पास स्थित खेल के मैदान पर भी अतिक्रमण कर लिया गया है। जमीन पर कब्जे के कारण स्कूल में पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चों को खेलने-कूदने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि अंचल क्षेत्र में हो रहे इस अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन और अंचल अधिकारी को कई बार लिखित आवेदन दिए गए। इसके बावजूद अब तक अंचल प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई या अतिक्रमण हटाने की पहल नहीं की गई।
अधिकारियों की इसी उदासीनता और निष्क्रियता से नाराज होकर अंततः ग्रामीणों को स्कूली बच्चों के साथ मिलकर सोमवार सुबह ही अंचल कार्यालय परिसर में धरना देने पर मजबूर होना पड़ा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द अवैध कब्जे को हटाकर खेल के मैदान को मुक्त नहीं कराया गया, तो वे अपने आंदोलन को और तीव्र करेंगे।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822