रायबरेली में खराब हेलमेट देने का विरोध करने पर अधिवक्ता राहुल निर्मल बागी पर लोहे की रॉड से हमला। दुकान मालिक समेत 7 पर केस दर्ज, तीन हिरासत में।
रविशंकर सिंह, रायबरेली।
जनपद में कचहरी रोड पर एक वकील पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। खराब हेलमेट देने का विरोध करने पर दुकानदार और उसके बेटों ने अधिवक्ता को लोहे की रॉड से पीटकर लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे साथी वकीलों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने ऑटोमोबाइल मालिक समेत सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
कचहरी के पास हुई घटना
शहर के नजरवा ताल गोरा बाजार निवासी राहुल निर्मल बागी पेशे से अधिवक्ता हैं। उनके अनुसार, बुधवार को वह अपने किसी विधिक कार्य से कलेक्ट्रेट गए थे। दोपहर करीब 12:30 बजे उनके मित्र अभिषेक का फोन आया और उसने बताया कि उसने जो हेलमेट खरीदा था, वह खराब निकल आया है।
सूचना मिलते ही अधिवक्ता राहुल हाथी पार्क स्थित दुकान पर पहुंचे और दुकानदार से खराब सामान देने का विरोध जताया। आरोप है कि इसी बात से गुस्साए दुकान मालिक, उसके बेटों और अन्य लोगों ने मिलकर राहुल पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
वकीलों का हंगामा और पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही तमाम साथी अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए और कचहरी रोड पर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सदर आशीष निगम ने बताया कि धर्मेश ऑटोमोबाइल के मालिक, उसके बेटे तेजस, रेहान, तापस और दो-तीन अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला और एससी/एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तेजस, रेहान और तापस को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।